जमुई। जिले में 10वीं कक्षा की छात्रा और उसके सहपाठी के साथ कथित दुर्व्यवहार और उत्पीड़न के विरोध में बिहार कांग्रेस मंगलवार को पूरे राज्य में धरना-प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला और प्रखंड मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। पटना में शाम 4 बजे कारगिल चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ता जुटेंगे। प्रदर्शन में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस ने जमुई की घटना को गंभीर बताते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि सड़क पर छात्र-छात्रा को रोककर उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया जाना चिंताजनक है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।
कोचिंग के बाद घूमने गए थे छात्र-छात्रा
बताया गया है कि 10वीं कक्षा की छात्रा शनिवार को कोचिंग के बाद अपने क्लासमेट के साथ स्कूटी से मड़वा पहाड़ घूमने गई थी। वापस लौटते समय कुछ युवकों ने दोनों को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद उनके साथ बदसलूकी की गई और छात्रा को प्रताड़ित किया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लड़के छात्रा के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में छात्रा को खींचते और परेशान करते हुए भी देखा गया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
तीनों आरोपी नाबालिग
जमुई पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि तीनों नाबालिग हैं। अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जमुई एसपी के मुताबिक, छात्रा और उसके साथ मौजूद छात्र भी नाबालिग हैं और दोनों जमुई शहर के रहने वाले हैं। एसपी ने यह भी कहा कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
राहुल ने कही ये बात
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने वीडियो को परेशान करने वाला बताते हुए छात्र और छात्रा को रास्ते में रोककर प्रताड़ित किए जाने की बात कही। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा समाज में महिलाओं के प्रति सोच को लेकर सवाल उठाए।



