कृष्ण कुमार मिश्र, जौनपुर. खेतासराय थाना क्षेत्र के कलापुर गांव के पास शारदा सहायक नहर किनारे रविवार को धान के खेत में 43 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया. खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के परिजनों ने उसकी मौत को लेकर अनहोनी की आशंका जताई है.

मृतक की पहचान खुटहन थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर निवासी विनोद गौतम (43) पुत्र नंदलाल गौतम के रूप में हुई. वह एतमादपुर में नाई की दुकान चलाता था. बताया गया कि शनिवार रात दुकान बंद करने के बाद वह साइकिल से घर के लिए निकला था. इसके बाद रविवार को कलापुर के पास धान के खेत में उसका शव मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया. परिजनों के अनुसार विनोद के साथ किसी अनहोनी की आशंका है. वहीं पुलिस के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था. हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

इसे भी पढ़ें : राहुल गांधी जी को देश की जनता को…चुनाव आयोग और SIR को लेकर ब्रजेश पाठक ने उठाए सवाल, घेरते हुए कह दी बड़ी बात

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की सही पता चल सकेगा.