सतीश सिंह, लखनऊ. राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह 30 अगस्त को लखनऊ आएंगे. गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उनकी मौजूदगी में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की जाएगी. पार्टी का कहना है कि इस मौके पर वे आगामी राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक रणनीति को लेकर बड़ा संदेश देंगे.

बुधवार को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने बताया कि 30 अगस्त का कार्यक्रम पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने और प्रदेश के सभी क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा होगी.

इसे भी पढ़ें : UP में डिंपल बनेंगी सपा की CM फेस? सवाल पर मुस्कुरा दिए अखिलेश

ब्राह्मण समाज के कई प्रमुख चेहरे लेंगे पार्टी की सदस्यता

उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार विभिन्न सामाजिक वर्गों को संगठन से जोड़ रही है. विशेष रूप से ब्राह्मण समाज में आरएलडी की विचारधारा, चौधरी चरण सिंह की किसान हितैषी और सामाजिक न्याय की राजनीति को लेकर सकारात्मक माहौल बन रहा है. 30 अगस्त के कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के साथ सवर्ण समाज के कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक चेहरे समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे. मिश्रा ने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ पूर्वांचल, मध्यांचल और बुंदेलखंड में भी संगठन तेजी से विस्तार कर रहा है. उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि प्रदेश के हर क्षेत्र में मजबूत और जवाबदेह संगठन खड़ा करना है.

Gen-Z को दी जा रही पार्टी की जिम्मेदारी

उन्होंने युवाओं और Gen-Z को लेकर जयंत चौधरी की सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन में नई पीढ़ी को जिम्मेदारी दी जा रही है. हाल में क्षेत्रीय अध्यक्षों की बैठक में लिखित परीक्षा भी कराई गई, जिससे कार्यक्षमता और जवाबदेही को महत्व देने का संदेश गया. प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है.