कुंदन कुमार, पटना। जदयू नेत्री और बिहार सरकार में मंत्री शीला मंडल आज मंगलवार (14, जुलाई) को जदयू कार्यालय पहुंची, जहां उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कई सवालों का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने जन सुराज से बांकीपुर उपचुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर द्वारा बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा को बेकार बताने को लेकर सवाल पूछा गया।

लोगों के बोलने से नहीं पड़ता फर्क- शीला मंडल

जिसपर प्रतिक्रिया देते हुए शीला मंडल ने कहा कि, आप लोग बेकार का ही चर्चा कर किसी का (प्रशांत किशोर) वैल्यू बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, पूरे बिहार और देश में प्रधानमंत्री मोदी की क्या छवि है। वह लोग जानते हैं। बिहार में भारी बहुमत से एनडीए की सरकार बनी। बंगाल में भी हम लोगों ने चुनाव जीता। लोग क्या बोलते हैं? उससे फर्क नहीं पड़ता। आने वाले दिनों में और अच्छा होगा।

वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर कही ये बात

वहीं, जजद की उम्मीदवार वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर शीला मंडल ने कहा कि, यह एक कानूनी प्रक्रियाथी। न्यायालय अपना काम करती है। इसमें हस्तक्षेप करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि, महिला को किस युग में दबाया जाता था? और किस युग में बढ़ाया जा रहा है? यह पूरे बिहार की महिलाएं समझ रही हैं। महिलाओं की सशक्तिकरण में जो नीतीश कुमार ने बीज बोया, उसी का परिणाम है कि आज महिलाएं सशक्त हो रही हैं और आगे बढ़ रही हैं।

नए संगठन में पुराने लोगों को जगह नहीं मिलने पर कही ये बात

वहीं, जदयू के नए संगठन में पुराने लोगों को जगह नहीं मिलने पर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि, संगठन का काम हमारे शीर्ष नेताओं का है। लोगों ने सोच समझकर संगठन को बनाया है। जदयू सांसद रामप्रीत मंडल का नीतीश कुमार से नहीं मिलने देने का वीडियो वायरल होने पर कहा कि कौन क्या कहता है? उससे फर्क नहीं पड़ता। आज भी हमारे नेता लोगों से आसानी से मिलते हैं, उनका अपना फैसला है।

नीतीश ने अति पिछड़ा समाज को मुख्य धारा से जोड़ा

शीला मंडल ने कहा कि, नीतीश कुमार ने अति पिछड़ा समाज को मुख्य धारा जोड़ने का काम किया। अति पिछड़ा समाज की महिलाएं आज गर्व से कहती हैं कि हम पंचायत में मुखिया और सरपंच हैं। अति पिछड़ा समाज के बच्चों को स्कूल पहुंचने का काम नीतीश कुमार ने किया। नीतीश कुमार की सोच और विजन का नतीजा है कि सभी क्षेत्रों में अति पिछड़ा की भागीदारी बढ़ी।

लालू यादव को राहत मिलने पर कही ये बात

वहीं, चारा घोटाला मामले में लालू यादव को कोर्ट से राहत मिलने पर शीला मंडल ने कहा कि, यह न्यायालय का मामला है। न्यायालय अपना काम करती है, उसपर कुछ बोलना उचित नहीं है। बिहार में कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल पर उन्होंने कहा कि, लोगों को उस समय का बात याद करना चाहिए, जब लोग घर से निकलने में डरते थे। उस समय की परिस्थिति और आज की परिस्थिति में बहुत अंतर है। 12:00 बजे रात तक भी महिलाएं आज सड़क पर नजर आती हैं। आज कानून का राज स्थापित है। लोग बेधड़क घर से बाहर निकलते हैं।

ये भी पढ़ें- बंटी यादव हत्याकांड: पप्पू यादव बोले- बिहार में कुछ भी ठीक नहीं, सरकार से कर दी बड़ी मांग