कुंदन कुमार, पटना। जदयू की ओर से आज सभी विधायकों और एमएलसी की एक बड़ी बैठक बुलाई गई थी। बैठक के समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा ने कहा कि, पार्टी के विधायक और विधान पार्षद का यह ट्रेनिंग प्रोग्राम था। कार्यक्रम के दौरान सभी को बताया गया कि किस तरह से सदन के अंदर अपनी बात को रखना है।
अनंत सिंह के बयान पर नहीं दिया जवाब
संजय झा ने कहा कि, दो-चार लोगों को छोड़कर सभी विधायक और एमएलसी आए थे। जो लोग भी नहीं आए। वह किसी काम से बाहर होंगे या कोई बीमार होगा। इस बात को ज्यादा तूल देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि, इस बैठक में सांसदों को नहीं बुलाया गया था। वहीं, अनंत सिंह के बयान को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी और वहां से चले गए।
अनंत सिंह बोले-नीरज को हराकर रहेंगे
गौरतलब है कि मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह आज जदयू की इस बैठक में शामिल होने के लिए नहीं पहुंचे थे। वहीं, अपने आवास के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने पार्टी प्रवक्ता और विधान पार्षद चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे नीरज कुमार का खुलकर विरोध किया और कहा कि वे उन्हें हराकर रहेंगे।
अनंत सिंह ने कहा कि, हम नीरज कुमार को हराएंगे। हमरा जितना काबू है, कोशिश करेंगे हरवाने का, वो हर बार हमरा विरोध करता है, हमको फंसाया, AK-47 घर में रख के जेल भेजवाया। हम झूठ बोल रहे है, तो एगो नरकों टेस्ट होता है। माथा पर लगेला पे कुल बातें निकल जाता है। उ करवाए, हम भी करवाएंगे।
अनंत सिंह के बयान पर नीरज कुमार की प्रतिक्रया
नीरज कुमार ने मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह के बयानों पर कहा कि, मेरे ऊपर अनर्गल आरोप लगाकर मेरे चरित्र का हनन करने का काम किया जा रहा है, लेकिन हम डरनेवालों में से नहीं है। उन्होंने कहा कि, नीतीश कुमार के साथ हम बचपन से राजनीति किए हैं। इनकी (अनंत सिंह) तरह हमने कभी दल नहीं बदला है।
नीरज कुमार ने आगे कहा कि, अनंत सिंह नार्को टेस्ट की बात करते हैं, उन्हें पता नहीं कि नार्को टेस्ट सिर्फ कोर्ट करा सकता है। कोर्ट को आवेदन देकर नार्को टेस्ट करा लें। सिर्फ कुछ से कुछ बोलते हैं, जमानत जब्त की बात करते हैं। जमानत लिखने आता है, उनको। उन्होंने कहा कि, हम अपराध को लेकर अपराधी को लेकर हमेशा बोलते रहते हैं, लेकिन जो आरोप मेरे ऊपर वो लगा रहे हैं। वो चरित्र हनन करने का प्रयास है। हम चुनाव धनबल या बाहुबल की बदौलत नहीं लड़ते हैं। कार्यकर्ता के बदौलत लड़ते हैं। पार्टी टिकट देगी तो चुनाव लड़ेंगे।
विधायकों और एमएलसी को मिला विशेष ट्रेनिंग
दरअसल जदयू ने अपने जनप्रतिनिधियों की सदन में कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए आज शुक्रवार (18, सितंबर) एक बड़ी बैठक बुलाई थी। बैठक में एक-दो को छोड़कर पार्टी के लगभग सभी विधायक और एमएलसी पहुंचे, जहां उन्हें बाहर से आए संसदीय कार्यप्रणाली के विशेषज्ञों द्वारा सदन की जटिल प्रक्रियाओं, सरकार से तीखे और सटीक सवाल पूछने, जवाब देने के तौर-तरीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही सदन में अपने-अपने क्षेत्रों के महत्वपूर्ण मुद्दों को विधानसभा या विधान परिषद में पूरी प्रभावशीलता के साथ उठाने का भी प्रशिक्षण दिया गया है।
ये भी पढ़ें- बाढ़ पीड़ितों के लिए नितिन नबीन ने दिखाई दरियादिली, CM रिलीफ फंड में देंगे 3 महीने की सैलरी



