कुंदन कुमार, पटना। खान सर की कोचिंग पर हुए हमले और ज्ञान बिंदु जीएस अकैडमी के डायरेक्टर रोशन आनंद की गिरफ्तारी पर जदयू एमएलसी नीरज कुमार का बड़ा बयान सामने आया है। नीरज कुमार ने कहा कि, गोलीबारी हुई है या फिर नहीं हुई है? इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।

बच्चों पर पड़ेगा गलत असर- नीरज कुमार

नीरज कुमार ने कहा कि, नगर पुलिस अधीक्षक का प्रेस विज्ञप्ति भी जारी हुआ है, जिसमें उन्होंने गोलीबारी की घटना से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि, घटना को लेकर जिन्होंने (खान सर) आरोप लगाया है, उनको अपनी सत्यता साबित करनी होगी। वहीं, जिन पर (रौशन आनंद) कार्रवाई हुई, उनको भी अपना पक्ष रखने का अधिकार है। पुलिस पूरी तरीके से घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि, बच्चे कोचिंग पढ़ने और नौकरी पाने के लिए जाते हैं। ऐसे में यदि कोचिंग सेंटरों पर इस तरह से हमला या फिर फायरिंग की घटना होती है, तो इसका उनपर और अगली पीढ़ी पर गलत असर पड़ेगा।

शिक्षक को बॉडीगार्ड की क्या जरूरत?

वहीं, खान सर के कोचिंग के बाहर फायरिंग से जुड़ा एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसपर नीरज कुमार ने कहा कि, निजी बॉडीगार्ड रखने का भी एक नियमावली है। रजिस्टर्ड लोग जिन्हें जान का खतरा है। वही बॉडीगार्ड रख सकते हैं, शिक्षक को बॉडीगार्ड की क्या जरूरत है?

खान सर पर फायरिंग कराने का आरोप!

खान सर के कोचिंग पर हुए हमले मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो लोग गोली लोड करते और ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। 38 सेकेंड के इस वायरल वीडियो को घटना वाली रात (2 जून, मंगलवार) का ही बताया जा रहा है। साथ ही यह दावा किया जा रहा है कि जो शख्स फायरिंग कर रहा है, वह कोई और नहीं बल्कि खान सर के बॉडीगार्ड ही हैं। यह भी कहा जा रहा है कि खान सर के कहने पर ही उनके सुरक्षाकर्मियों ने फायरिंग की है, ताकी रौशन आनंद को फंसाया जा सके।

राजद पर कसा तंज

वहीं, राजद द्वारा प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर प्रदर्शन करने के ऐलान पर नीरज कुमार ने कहा कि, बिल्कुल उन्हें करना चाहिए। यह बढ़िया मौका है, उन लोगों के लिए। नीरज कुमार ने आगे कहा कि, सबसे पहले राजद को रीतलाल यादव से जुड़े अपराधों की सूची जारी करनी चाहिए। जिन भूमी पर इन लोगों ने कब्जा किया है, उसपर अतिपिछड़े लोगों को बसाना चाहिए। उनकी सरकार में नौकरी के बदले जो जमीन लिखवाई गई, उसकी जानकारी देनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर अग्निकांड: JDU ने निशांत कुमार को बताया भविष्य, राजद ने पूछा कहां हैं स्वास्थ्य मंत्री?