Bihar News: एसआईआर विवाद को लेकर INDIA ब्लॉक के नेताओं से मिलने से CJI के इंकार और याचिका दाखिल करने के निर्देश पर जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन की प्रतिक्रिया सामने आई है। राजीव रंजन ने कहा कि, यह संभवतः भारत की आजादी के बाद के 78 वर्षों में पहली बार ऐसा होगा कि विपक्ष के नेता सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मिलने का समय मांग रहे हैं। हैरानी है, देखिए, जो परंपराएं हैं, उसमें आप राष्ट्रपति के पास जाकर अपनी बातें कहते हैं, लेकिन न्यायपालिका को लेकर कभी भी ऐसे मसलों में सीधे तौर पर कोई समय मांगे और अपने पक्ष से अवगत कराएं, ऐसा कभी नहीं हुआ है।
तेजी से आगे बढ़ रहा भारत- राजीव रंजन
वहीं, पीएम मोदी द्वारा Gen-Z को विकसित भारत के लक्ष्य में सहयोग देने के संदेश पर राजीव रंजन ने कहा कि, आज भारत दुनिया की एक बड़ी आर्थिक महाशक्ति है, वैश्विक कूटनीति में भारत ने एक बड़ा मुकाम हासिल किया है, तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, लक्ष्य 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का, वो हकीकत में तब्दील होने की ओर हम अग्रसर हैं, सेमीकंडक्टर हो या जो भी अनुसंधान से लेकर के प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नित नए जो कीर्तिमान भारत ने रचने के कार्य किए हैं, यह अवसर है कि जब प्रतिस्पर्धा में भारत बेहतर कर सकता है।
यूपी चुनाव को लेकर कही ये बात
वहीं, एक सवाल के जवाब में राजीव रंजन ने कहा कि, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का गठबंधन होगा या नहीं इसपर कई सवाल हैं। अखिलेश की हठधर्मिता और कांग्रेस प्रभारी के बयान के बाद ये गठबंधन जमीन पर उतर पाएगा इसपर उत्तर प्रदेश के लोगों को भरोसा नहीं है। अगर गठबंधन हो भी जाए तब भी योगी आदित्यनाथ के कार्यों और नेतृत्व का सामना करने का माद्दा कांग्रेस में नहीं दिखता।
ये भी पढ़ें- ‘हम तुम्हारी गोली और गाली से नहीं डरते’, जेपी जयंती पर तेजस्वी यादव का केंद्र पर हमला

