झज्जर जिला प्रशासन के पुख्ता इंतजामों के बीच रविवार को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के दोनों स्तरों का आयोजन पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो गया है।

संजीत कबलाना,झज्जर। जिला प्रशासन के बेहतरीन, नकल रहित, पारदर्शी व व्यवस्थित प्रबंधन के साथ रविवार को आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल-2 व 1 की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। Jhajjar HTET Exam Process के तहत डीसी वर्षा खांगवाल ने दोनों सत्रों में आयोजित हुई इस परीक्षा के संपन्न होने तक एक्टिव मोड में रहकर पूरी मॉनिटरिंग की और ड्यूटी स्टाफ को प्रोत्साहित करते हुए सफलता के साथ इस प्रक्रिया को पूरा करवाया। परीक्षा के आरंभ होने से लेकर इसके संपन्न होने तक डीसी वर्षा खांगवाल ने झज्जर व बहादुरगढ़ के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्वयं दौरा करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बहादुरगढ़ व झज्जर क्षेत्र के केंद्रों का निरीक्षण करते हुए जिला प्रशासन की टीम, परीक्षार्थियों व अभिभावकों का धन्यवाद जताया।

परीक्षा केंद्रों पर रही मुस्तैदी

डीसी वर्षा खांगवाल ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के उपरांत आधिकारिक आंकड़े जारी करते हुए बताया कि एचटेट लेवल-2 के लिए कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर पंजीकृत कुल 4332 परीक्षार्थियों में से 3641 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 691 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। इसी प्रकार एचटेट लेवल-1 की परीक्षा के लिए जिले में कुल 5 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे जहां 1517 परीक्षार्थियों में से 1218 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे और 299 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर परीक्षा अवधि के दौरान दूर-दराज से आए अभिभावकों के लिए पेयजल व्यवस्था, मीठे पानी की छबील, बैठने के स्थान और पार्किंग के बेहतरीन प्रबंध किए थे जिसकी सभी ने सराहना की।

कड़े सुरक्षा इंतजामों से नकल पर नकेल

सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए डीसी ने बताया कि सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और बायोमैट्रिक सत्यापन की व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रही जिससे नकल पर पूरी तरह नकेल कसी गई। परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा निर्धारित परिधि में फोटोस्टेट की दुकानें पूरी तरह बंद करवाई गईं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए डायल-112 सेवा एवं जिला प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम पूरे समय एक्टिव मोड पर काम कर रहा था। झज्जर में एसडीएम रवि मीणा व बहादुरगढ़ में एसडीएम अभिनव सिवाच ने नोडल अधिकारी के रूप में तथा डीईओ रतिंद्र कुमार ने शिक्षा विभाग की टीम के साथ मिलकर इस एचटेट परीक्षा के सफल आयोजन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।