झज्जर जिले में 15 जून से सघन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने नागरिकों से इसमें सक्रिय सहयोग की अपील की है।

संजीत कबलाना, झज्जर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में सघन पुनरीक्षण अभियान (SIR) पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ संचालित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने आज लघु सचिवालय सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों- बेरी, झज्जर, बहादुरगढ़ और बादली में इस अभियान की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उपायुक्त ने सभी मतदाताओं एवं राजनैतिक दलों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक जुलाई, 2026 को निर्धारण तिथि मानकर यह अभियान चलाया जाएगा, ताकि जिले में एक शुद्ध एवं वास्तविक मतदाता सूची तैयार की जा सके।

15 जून से शुरू होगा घर-घर सर्वे

उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने बताया कि एसआईआर के लिए बीएलए, बीएलओ और सुपरवाइजर को प्रशिक्षण देने तथा फॉर्म प्रकाशित करने का कार्य 14 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 15 जून से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को वोटर फॉर्म वितरित करेंगे। इन फॉर्म को मतदाताओं को स्वयं भरकर हस्ताक्षर करने होंगे और बीएलओ द्वारा दोबारा संपर्क किए जाने पर उन्हें वापस सौंपना होगा। उपायुक्त ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से इस अभियान को लेकर भ्रामक खबरें फैलाता है, तो डीआईपीआरओ बतौर नोडल अधिकारी उस पर कड़ी कार्रवाई करेंगे। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इस पूरी चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाना है।

मतदाता सूची और हेल्पलाइन की जानकारी

उपायुक्त ने जानकारी दी कि 21 जुलाई को चारों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा, जिस पर 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इन आपत्तियों का निपटान 18 सितंबर तक होगा और 22 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। वर्तमान में जिले में कुल 8,15,711 मतदाता हैं और 807 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। आम नागरिकों की सुविधा के लिए लघु सचिवालय में एक हेल्प डेस्क स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा, टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 सुबह 7 से रात 9 बजे तक सक्रिय रहेगा। इस अवसर पर विभिन्न एसडीएम, निर्वाचन विभाग के अधिकारी और अन्य प्रशासनिक कर्मचारी भी उपस्थित रहे।