रांची। झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर राज्य में साफ दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में बारिश शुरू हो चुकी है और आने वाले 24 घंटे में इसकी रफ्तार और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट से सटे इलाके में बना लो प्रेशर एरिया अब झारखंड की ओर बढ़ रहा है। इसके कारण राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।

इन 7 जिलों में सबसे ज्यादा खतरा

मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में 1 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।वहीं रांची, खूंटी, चतरा और सरायकेला-खरसावां में भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट है। राजधानी रांची समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

महुआडांड़ में 171 मिमी बारिश, कई इलाकों में रिकॉर्ड बारिश

सोमवार को झारखंड के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। लातेहार के महुआडांड़ में 171 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक रही।

इसके अलावा डुमरिया में 112.2 मिमी, मझगांव में 95.4 मिमी, चाकुलिया में 92.4 मिमी और मुसाबनी में 80.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

लोहरदगा में 41 मिमी, जमशेदपुर में 39 मिमी और चाईबासा में 29.3 मिमी बारिश हुई। रांची में भी दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही और करीब 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

2 सितंबर को भी इन जिलों में भारी बारिश

मौसम विभाग ने 2 सितंबर को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है।

इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने की उम्मीद है, लेकिन वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी।

40 किमी की रफ्तार से चल सकती है हवा

3 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में वज्रपात की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने किया अलर्ट

भारी बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

झारखंड में फिलहाल बारिश से राहत मिलती नहीं दिख रही है। अगले 48 घंटे राज्य के लिए अहम हैं, खासकर उन सात जिलों के लिए जहां भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।