जींद (संजय कुमार): रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत उत्तर प्रदेश के रामपुर से पिछले 3 दिन से लापता 13 वर्षीय बच्चे को जींद में सुरक्षित बरामद कर परिजनों से मिला दिया है। 10 सितंबर 2026 को गश्त के दौरान RPF के उपनिरीक्षक प्रदीप और उनकी टीम को यह बच्चा लावारिस हालत में मिला था। RPF ने बच्चे से पूछताछ के बाद स्थानीय पुलिस और स्कूल के माध्यम से परिजनों का पता लगाया तथा बाल कल्याण समिति (CWC), जींद की मदद से बच्चे को सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।
लावारिस हालत में मिला था छात्र
गश्त के दौरान जब RPF टीम ने बच्चे से सहानुभूतिपूर्वक बातचीत की, तो उसने अपना नाम वसीम उर्फ अदनान अली और उम्र 13 वर्ष बताई। बच्चे ने यह भी बताया कि वह उत्तर प्रदेश के कमरी स्थित MA Riyol Public School में पढ़ता है। हालांकि, वह अपना घर का पूरा पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। इसके बाद RPF टीम ने बच्चे की पहचान और परिजनों तक पहुंचने की प्रक्रिया शुरू की।
स्कूल के माध्यम से पिता तक पहुंची पुलिस
RPF की टीम ने उत्तर प्रदेश के कमरी की स्थानीय पुलिस से बातचीत की और बच्चे के स्कूल से समन्वय स्थापित किया। स्कूल प्रबंधन के जरिए बच्चे के पिता का मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ। फोन पर संपर्क करने पर पिता ने अपना नाम गयासुद्दीन, निवासी कमरी, बिलासपुर, रामपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। पिता ने पुष्टि की कि वसीम उर्फ अदनान उनका बेटा है और पिछले 3 दिनों से गायब था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी स्थानीय थाने में दर्ज कराई गई थी।
CWC जींद के माध्यम से परिजनों को सौंपा
बच्चे के सुरक्षित मिलने की सूचना मिलते ही परिजन उसे लेने के लिए जींद पहुंचे। इसके बाद बाल कल्याण समिति (CWC), जींद के माध्यम से सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं और बच्चे को उसके परिवार को सौंप दिया गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने RPF की तत्परता और संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
RPF थाना प्रभारी का बयान
RPF थाना प्रभारी धन सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान मिले नाबालिग बच्चे की पहचान और परिजनों तक पहुंचने के लिए उत्तर प्रदेश की स्थानीय पुलिस तथा स्कूल से संपर्क स्थापित किया गया था। सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए बच्चे को उसके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



