जींद। हरियाणा के जींद जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की महज 10 महीने पहले ही शादी हुई थी और वह करीब दो महीने की गर्भवती थी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

फोन पर चैट देखने के बाद शुरू हुआ विवाद

गांव राजा खेड़ी निवासी आशीष ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी 21 वर्षीय बहन ईशा की शादी करीब 10 महीने पहले जींद के कारखाना गांव निवासी सोनू के साथ हुई थी। सोनू के पिता बिल्लू शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं, जबकि सोनू खुद सरकारी नौकरी की तैयारी के लिए लाइब्रेरी जाता है।

आशीष का आरोप है कि सोनू के किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध थे। ईशा ने सोनू के फोन में उस महिला के साथ चैट देख ली थी, जिसके बाद उसने इस पर आपत्ति जताई और ससुरालवालों को भी इसकी जानकारी दी। आरोप है कि इसके बाद से ससुरालपक्ष के लोगों ने ईशा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

करवाचौथ के दिन मिली मौत की सूचना

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 29 अक्टूबर को करवाचौथ के दिन उन्हें ईशा के फांसी लगाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिवार के लोग कारखाना गांव पहुंचे। मायके पक्ष का आरोप है कि ईशा ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि ससुरालवालों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया है ताकि मामला खुदकुशी का लगे। परिवार का यह भी दावा है कि ईशा करीब दो महीने की गर्भवती थी और सोनू का शादी से पहले भी अफेयर था, जिसे परिवार ने छिपाया था।

पुलिस बोली- जांच जारी है

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सदर थाना SHO सतीश कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पति सोनू, ससुर बिल्लू और सास कविता के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं और मृतका के गर्भवती होने की बात की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m