सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां मारुति कंपनी में नौकरी करने वाले एक युवक ने मानसिक तनाव के चलते खुद को चाकू मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया।

मूल रूप से बिहार का रहने वाला था मृतक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विशाल के रूप में हुई है। मूल रूप से बिहार का रहने वाला विशाल पिछले 4-5 साल से अपने परिवार के साथ सोनीपत के गांव फिरोजपुर बांगर में रह रहा था। वह खरखौदा स्थित मारुति कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

मां ने जगाया तो भड़का युवक

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह विशाल की मां ने उसे ड्यूटी पर जाने के लिए उठाया था। मां के जगाने पर वह अचानक गुस्सा हो गया और आवेश में आकर उसने खुद को चाकू मार लिया। इस गंभीर घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जवान बेटे की इस तरह अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर सैदपुर पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना के पीछे के अन्य कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m