हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने भिवानी शहर के सेक्टर-13 स्थित अपने आवास पर पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आरोपों पर जोरदार पलटवार किया। जेपी दलाल ने कहा कि भाजपा सरकार में कांग्रेस के शासन से दो गुना नौकरियां दी गई हैं और राज्य में कई गुना अधिक विकास हुआ है, जो हुड्डा को दिखाई नहीं दे रहा है।
बवानीखेड़ा और लोहारू के लिए विकास परियोजनाओं का जिक्र
पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीएम जहां भी जाते हैं, विकास का पिटारा खोलते हैं। बवानीखेड़ा की रैली में मुख्यमंत्री ने कई स्टेडियम, कॉलेज बनाने, नहरों का सुधार कर पूरा पानी देने और सड़कों के निर्माण की घोषणाएं की हैं। इसके साथ ही लोहारू हलके के लिए भी करोड़ों रुपये की सौगात दी गई है।
भिवानी में हुए विकास कार्यों पर हुड्डा को जवाब
भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा भिवानी में एक भी काम न होने के आरोपों पर पलटवार करते हुए जेपी दलाल ने कहा कि पूर्व सीएम को भिवानी में हुए काम दिखाई नहीं देते। मनोहर लाल और नायब सैनी के कार्यकाल में भिवानी में अभूतपूर्व विकास हुआ है। भिवानी में मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी बनी है, नहरों का जीर्णोद्धार हुआ है तथा कृषि व बागवानी के बड़े प्रोजेक्ट्स शुरू हुए हैं।
क्राइम और बेरोजगारी के आरोपों पर दिया जवाब
हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित प्रदेश बताने वाले बयान पर जेपी दलाल ने कहा कि पहले क्राइम को छुपाया जाता था, लेकिन अब जीरो FIR दर्ज होने के कारण क्राइम ज्यादा दिखता है। वहीं, बढ़ती बेरोजगारी और बिना पर्ची-खर्ची के नारे पर उठाए सवालों पर उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में योग्यता के आधार पर दो गुना नौकरियां लगी हैं और हरियाणा में अब भी नौकरियों की कोई कमी नहीं है।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर दिया आश्वासन
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर बोलते हुए जेपी दलाल ने बताया कि सीएम और मंत्री इस दिशा में लगातार लगे हुए हैं तथा जल्द ही हड़ताल का समाधान होगा। उन्होंने अपनी सरकार और सीएम का बचाव करते हुए पूर्व सीएम हुड्डा के चैलेंज को स्वीकार करने की बात कही।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



