रांची। जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही सीआईडी अब राज्य सरकार को प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपने की तैयारी में है। सीआईडी की एसआईटी अब तक 250 से ज्यादा सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ कर चुकी है। शनिवार को भी करीब दो दर्जन सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ की गई।

जांच में अब तक 100 से ज्यादा अभ्यर्थियों की भूमिका संदिग्ध मिली है। एसआईटी को शक है कि इन अभ्यर्थियों ने अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर परीक्षा में सफलता हासिल की। संदिग्ध अभ्यर्थियों से जुड़ी जानकारी अलग रिपोर्ट के जरिए सरकार को दी जाएगी।

अभय तिवारी समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितता की जांच नए सिरे से शुरू होने के बाद सीआईडी ने सबसे पहले अभय तिवारी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसके भाई अक्षय तिवारी, पत्नी सुषमा तिवारी, सफल अभ्यर्थी और कथित एजेंट समीर कुमार, उमेश कुमार राय, विजय कुमार तिवारी, दीपक कुमार और आनंद कुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया गया।

इन सभी की गिरफ्तारी की जानकारी सीआईडी ने सरकार को पहले ही दे दी थी। अब जांच में संदिग्ध पाए गए बाकी सफल अभ्यर्थियों की भूमिका की जानकारी भी सरकार को दी जाएगी।

नेपाल के वीरगंज गए 28 अभ्यर्थी पहले ही डिबार

सीआईडी की पिछली जांच के आधार पर 28 सफल अभ्यर्थियों को डिबार किया जा चुका है। ये वे अभ्यर्थी थे, जो नेपाल के वीरगंज गए थे।

हालांकि, बाकी सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दे दिए गए थे। अब जांच में जिनकी गतिविधियां संदिग्ध मिली हैं, उनके बारे में सरकार को रिपोर्ट भेजने की तैयारी है।

8 दिन की रिमांड के बाद सोमांश और राहुल जेल भेजे गए

सीआईडी ने आईसीएन कंपनी से जुड़े सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को आठ दिन की रिमांड पूरी होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दोनों को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेजा गया है।

पूछताछ में दोनों ने मिथिलेश सिंह की प्रमुख भूमिका होने की बात एसआईटी को बताई है। सीआईडी को उम्मीद है कि मिथिलेश की गिरफ्तारी के बाद परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े नेटवर्क की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं।

JSSC ऑफिस में लगातार तीसरे दिन जांच

सीआईडी की एसआईटी ने शनिवार को लगातार तीसरे दिन जेएसएससी कार्यालय में दस्तावेज खंगाले। टीम गुरुवार से ही यहां सीजीएल परीक्षा और इससे जुड़ी एजेंसियों के रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

शनिवार को भी दिनभर दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। यह कार्रवाई जेएसएससी के सचिव सुधीर कुमार गुप्ता की मौजूदगी में हुई। जांच टीम ने कई दस्तावेज जब्त भी किए हैं।

पिछले तीन दिनों में सीआईडी की टीम जेएसएससी कार्यालय से परीक्षा से जुड़े कई दस्तावेज जब्त कर चुकी है। अब अभ्यर्थियों से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के आधार पर तैयार होने वाली प्रारंभिक रिपोर्ट में पूरे मामले से जुड़े तथ्यों को सरकार के सामने रखा जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H