कुंदन कुमार, पटना। बिहार की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और बुनकरों की अद्भुत रचनात्मकता को एक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘जुगनू हाट’ का आयोजन 5, 6 और 7 नवंबर 2026 को बापू टावर, गर्दनीबाग, पटना में किया जाएगा. मलातन इन्फ्रा एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तुत इस आयोजन में बिहार की समृद्ध लोक परंपराओं, पारंपरिक हस्तशिल्प और बुनकरी की विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा.

‘जुगनू हाट’ में बिहार की विविध सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को सामने लाने की विशेष पहल की गई है. आयोजन के दौरान मगही लोक संगीत, जट-जटिन नृत्य जैसी लोक कलाओं के प्रदर्शन के साथ टेराकोटा, दोसूती और पेपरमाशे जैसे पारंपरिक हस्तशिल्प की रचनात्मकता देखने को मिलेगी. इसके अलावा बिहार की प्रसिद्ध बुनकरी परंपराओं में शामिल 52 बूटी और भागलपुरी टसर के उत्पादों का भी प्रदर्शन किया जाएगा. कार्यक्रम में क्रोशिया और एप्लिक कला से संबंधित वर्कशॉप का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों को इन पारंपरिक कलाओं को समझने और सीखने का अवसर मिलेगा.

डॉ. स्मृति पासवान ने कहा, “जुगनू हाट केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार की कला, संस्कृति और हमारी पारंपरिक विरासत को सम्मान देने का एक प्रयास है. हमारे स्थानीय कलाकार, शिल्पकार और बुनकर अपनी मेहनत, कौशल और रचनात्मकता से बिहार की पहचान को जीवंत बनाए हुए हैं. ऐसे मंच उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अपने उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं. हमारी कोशिश है कि स्थानीय कलाओं और कलाकारों को प्रोत्साहन मिले और बिहार की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहचान मिले.”

आयोजकों ने कला, संस्कृति और हस्तशिल्प में रुचि रखने वाले लोगों से ‘जुगनू हाट’ में शामिल होने की अपील की है. उनका कहना है कि आम लोगों की सहभागिता स्थानीय कलाकारों, कारीगरों और बुनकरों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ बिहार की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

कार्यक्रम का विवरण

  • आयोजन: जुगनू हाट.
  • प्रस्तुतकर्ता: मलातन इन्फ्रा एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड.
  • स्थान: बापू टावर, गर्दनीबाग, पटना.
  • तिथि: 5, 6 एवं 7 नवंबर 2026.
  • मुख्य आकर्षण: लोक संगीत, जट-जटिन नृत्य, टेराकोटा, दोसूती, पेपरमाशे, 52 बूटी, भागलपुरी टसर, क्रोशिया एवं एप्लिक वर्कशॉप.

ये भी पढ़ें- अनंत सिंह की विधायकी पर खतरा! विधानसभा ने जारी किया नोटिस, 7 दिन में देना होगा जवाब