प्रमोद कुमार, कैमूर। बिहार के कैमूर जिले में शराब के बाद अब हेरोइन तस्करी के मामले में एक महिला की संलिप्तता सामने आई है। भभुआ थाना क्षेत्र के सिकठी गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 77.82 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। मौके से 1.25 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार महिला की पहचान उर्मिला देवी, पति मंटू राम के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

भभुआ पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना

दरअसल, भभुआ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिकठी गांव में हेरोइन की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर भभुआ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने गांव में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद पांच से छह लोग भागने लगे। इस दौरान उनके साथ एक महिला भी भागने की कोशिश करने लगी, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान महिला के पास से 109 पुड़िया हेरोइन बरामद हुई, जिसका वजन 27.65 ग्राम बताया गया है। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से 50.17 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 77.82 ग्राम हेरोइन जब्त की। इसके अलावा एक बैग से 1.25 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड भी मिला।

महिला ने तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की

भभुआ के डीएसपी ओम प्रकाश ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिकठी गांव में छापेमारी की थी। इस दौरान पांच से छह लोग मौके से फरार हो गए, जबकि उर्मिला देवी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में महिला ने खुद हेरोइन की तस्करी करने की बात स्वीकार की है।

डीएसपी ने बताया कि पुलिस अब गिरफ्तार महिला के आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है। साथ ही इस तस्करी गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी जानकारी जुटाई जा रही है।

ये भी पढ़ें- किशनगंज में दर्दनाक हादसा: मिट्टी का टीला ढहने से 3 चचेरी बहनों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम