प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले के मोहनियां में वोट चोरी मामले को लेकर इंडिया गठबंधन ने इलेक्शन कमिश्नर ऑफ इंडिया के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला। गौरतलब है कि कथित वोट चोरी मामले को लेकर विपक्ष देश भर में विरोध प्रदर्शन कर रहा है। इसी क्रम में आज बुधवार को कैमूर में भी इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने मोहनियां में वोट चोरी मामले में इलेक्शन कमिश्नर ऑफ इंडिया ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ज्ञानेश कुमार का पुतला भी दहन किया गया।
इस दौरान कैमूर कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा ने कहा कि, केंद्र सरकार और इलेक्शन कमिश्नर ऑफ इंडिया ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज इंडिया गठबंधन ने आक्रोश मार्च निकाला और ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। उन्होंने कहा कि, देश भर में एसआईआर हुआ, जिसमें बताया गया कि एसआईआर में 1.5 करोड़ मतदाता मृत पाए गए और 2 करोड़ जगह छोड़कर कर कहीं और चले गए। तो 14 करोड़ में से 11 करोड़ वोटर कहां गए? इसका जबाब आज तक भाजपा की सरकार ने नहीं दिया, जिसके खिलाफ इंडिया गठबंधन आज देश भर में विरोध कर रहा है।
वहीं, राजद के कैमूर जिला अध्यक्ष अकलू राम ने बताया कि, ज्ञानेश कुमार ने वोट चोरी कर लोकतंत्र की हत्या की है, उसके विरोध में आज देश भर में इंडिया गठबंधन विरोध प्रदर्शन कर रहा है। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने सभी को वोट का अधिकार दिया था। लेकिन पहले भी वोट देने से कमजोर वर्ग को रोका गया। आज भी वोट चोरी कर भाजपा सत्ता में बने रहना चाहती है, जिसका इंडिया गठबंधन विरोध करता है।
ये भी पढ़ें- ‘जदयू में लग चुकी है आग’, RJD विधायक भाई वीरेंद्र का बड़ा बयान, बोले- अभी संभल जाएं नीतीश-निशांत

