प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले के अधौरा प्रखंड अंतर्गत डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, बड़गांव खुर्द में गुरुवार की रात एक हृदयविदारक घटना घटी। कक्षा तीन में पढ़ने वाले 9 वर्षीय छात्र बिरला कुमार की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद शुक्रवार सुबह स्कूल परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार, छात्र बिरला कुमार (पिता- रामकुंवर राम) गुरुवार रात छत पर टहल रहा था, तभी वह अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। विद्यालय के शिक्षकों ने आनन-फानन में उसे बाइक से अधौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान ही मासूम ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह जैसे ही यह खबर परिजनों तक पहुंची, सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर में जमा हो गए।
जांच के लिए पहुंची डीडीसी, ग्रामीणों का आक्रोश
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीडीसी दिव्य शक्ति, भभुआ एसडीएम अमित कुमार और डीएसपी अनिकेत अमर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीडीसी ने जब परिसर में भीड़ देखी, तो उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल और बिना एंट्री भीड़ घुसने पर प्रधानाध्यापक एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने केवल परिजनों और 5 सदस्यीय टीम को ही अंदर आने की अनुमति दी, जिससे बाहर मौजूद ग्रामीण और आक्रोशित हो गए।
साजिश का आरोप और डेढ़ घंटे की पूछताछ
मृतक छात्र के परिजनों और ग्रामीणों ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए ‘साजिश’ का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छात्र को छत से नीचे फेंका गया है। डीडीसी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कमरे नंबर 10 में रहने वाले बिरला के अन्य 11 सहपाठियों, शिक्षकों और गार्ड से करीब डेढ़ घंटे तक सघन पूछताछ की। जब डीडीसी वापस जाने लगीं, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी रोककर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रशासनिक निर्देश और पोस्टमार्टम
एसडीएम अमित कुमार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि क्षेत्र के सभी आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जाए। हॉस्टल में छात्रों की निगरानी के लिए शिक्षकों की जवाबदेही तय करने और बीमार होने पर तत्काल इलाज सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम भभुआ में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि वैज्ञानिक अनुसंधान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

