प्रमोद कुमार/भभुआ (कैमूर): जिले के भभुआ थाना क्षेत्र से एक मामला सामने आया है। वार्ड संख्या 18 के निवासी सगीर राईन नामक युवक ने अपनी प्रेमिका द्वारा रिश्ता तोड़ने से नाराज होकर खुद पर चाकू से जानलेवा हमला कर लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान वाराणसी में उसकी मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
मृतक सगीर राईन सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, सगीर का शहर के चकबंदी रोड निवासी एक महिला के साथ लंबे समय से अवैध संबंध था। रविवार देर रात प्रेमिका ने सगीर से बात करने और संबंध रखने से साफ इनकार कर दिया, जिससे वह मानसिक रूप से विचलित हो गया और आपा खो बैठा।
पत्नी ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
मृतक की पत्नी रोजी उर्फ अनवरी परवीन ने बताया कि शादी के बाद से ही सगीर उसे प्रताड़ित करता था। पत्नी ने आरोप लगाया कि महिला के साथ अवैध संबंध का विरोध करने पर सगीर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। रविवार रात को भी इसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने खुद को चाकू से लहूलुहान कर लिया।
बीच-बचाव में परिवार के सदस्य घायल
घटना के दौरान जब सगीर ने खुद पर चाकू से हमला किया, तो परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की। इस दौरान सगीर ने अपने ही दो बेटों पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। काफी मशक्कत के बाद परिजन उसे भभुआ सदर अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान सगीर की मौत हो गई।
प्रेमिका की मजबूरी और सगीर का स्वभाव
स्थानीय निवासी शराफत राईन ने बताया कि पूर्व में जब पुलिस ने उस महिला को समझाया था, तो उसने खुलासा किया कि सगीर उसे आत्महत्या की धमकी देकर संबंध रखने के लिए मजबूर करता था। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, सगीर पहले ड्राइवर का काम करता था और बाद में सब्जी बेचकर परिवार चलाता था। हालांकि, गलत संगत के कारण उसने अपना और परिवार का जीवन बर्बाद कर लिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

