कैथल, 24 सितंबर। कैथल में धान खरीद सीजन से पहले प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को डीसी अपराजिता ने मिलर्स और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को मिलर्स की जिला स्तर की समस्याओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए, जबकि मुख्यालय से जुड़े मामलों को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। डीसी ने मिलर्स से भी समय रहते पंजीकरण करवाने की अपील की, ताकि धान खरीद और मिलिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

डीसी अपराजिता ने कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सहित सभी खरीद एजेंसियों के अधिकारी मिलर्स की किसी भी प्रकार की समस्या तुरंत समाधान करवाएं। साथ ही मिलर्स भी समय रहते अपनी मिलों का धान के सीजन में मिलिंग के लिए पंजीकरण करवाएं। ताकि सीजन में किसी भी पक्ष को कोई परेशानी न हो।

लघु सचिवालय स्थित सभागार में डीसी अपराजिता वीरवार को मिलर्स एवं खरीद एजेंसियों के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहीं थीं। डीसी ने बैठक में सबसे पहले मिलर्स से उनकी समस्याएं जानीं। मिलर्स ने जिला स्तर पर समाधान होने वाली समस्याएं रखीं। डीसी ने मिलर्स को आश्वासन दिया कि जो मामले मुख्यालय स्तर से संबंधित हैं, उनके संबंध में आला अधिकारियों को लिखा जाएगा। जिला स्तरीय मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। धान के सीजन में किसी भी पक्ष को कोई समस्या न आए, इसके लिए जरूरी है कि मिलर्स समय रहते पंजीकरण करवाएं।

उन्होंने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिले में जितना संभव हो सके गेहूं स्टॉक का नियमानुसार उठान करवाया जाए। उन्होंने एफसीआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस संबंध में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करें। मंडियों में जो भी ट्रांसपोटर्स उठान संबंधी कार्य के लिए आएंगे, उनके पास पर्याप्त संख्या में गाड़ियां होनी चाहिए। सरकार द्वारा धान खरीद के लिए जो भी निर्देश जारी किए गए हैं, उनका सख्ती से पालन किया जाए।

ढांड अनाज मंडी की आढ़तियों की मांग पर डीसी ने अदानी साइलो में धान के स्टॉक की अनुमति दिलवाने का आश्वासन दिया। डीसी ने कहा कि किसानों, आढ़तियों सहित किसी भी पक्ष को धान के सीजन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसलिए सभी आपसी समन्वय के साथ काम करें। धान खरीद में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में मिलर्स की ओर प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा सहित चीका, ढांड, पूंडरी, कलायत से आए मिलर्स ने अपनी समस्याएं रखीं। इस अवसर पर एडीसी डा. सुशील कुमार, डीआरओ चंद्रमोहन बिश्नोई, डीएफएससी वीरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।