राकेश कथूरिया, कैथल। हरियाणा के कैथल जिले के ढांड स्थित राधाकृष्णन धर्मशाला में आयोजित नारी शक्ति महिला क्लस्टर फेडरेशन की आम सभा में पूंडरी विधायक सतपाल जांबा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से मातृशक्ति को स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर दिए जा रहे हैं। महिला स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी जरिया साबित हो रहे हैं।

ढांड ब्लॉक में 415 समूहों से जुड़ीं 4,235 महिलाएं

कार्यक्रम के दौरान विधायक सतपाल जांबा ने स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों से बातचीत की और उनके कार्यों तथा अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के ढांड ब्लॉक में वर्ष 2016 से 2026 तक 415 महिला स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। इन समूहों के जरिए क्षेत्र की 4,235 महिलाएं संगठित होकर आजीविका की गतिविधियों से जुड़ी हैं।

करोड़ों रुपये के बैंक ऋण से मिल रहा वित्तीय सशक्तिकरण

विधायक ने बताया कि इन महिला समूहों को अपने कार्य विस्तार के लिए करोड़ों रुपये का बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया है। वित्तीय सहायता मिलने से महिलाओं को अपना नया रोजगार शुरू करने और परिवार की आय बढ़ाने में सीधी मदद मिल रही है। महिलाएं अपनी मेहनत और हुनर के दम पर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं।

पीएम मोदी और सीएम नायब सैनी के विजन से मिल रहा बढ़ावा

सतपाल जांबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को पूरा करने में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी बेहद अहम है। इसी तर्ज पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर वित्तीय सशक्तिकरण, स्वरोजगार और आजीविका के नए साधन उपलब्ध करवा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m