एचटेट परीक्षा के दौरान एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेश पर कैथल पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई। पुलिस ने वाहन न मिलने से परेशान अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचाया।

राकेश कथूरिया,कैथल। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के दौरान कैथल पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं का बेहतरीन परिचय देते हुए परीक्षार्थियों की हरसंभव सहायता कर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के कड़े निर्देशानुसार जिला पुलिस परीक्षा ड्यूटी के दौरान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही तथा यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान Kaithal Police HTET Help की हर तरफ सराहना हो रही है क्योंकि पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन द्वारा परीक्षा से पहले ही जिला पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।

इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने दिखाई तत्परता

एसपी के स्पष्ट निर्देश थे कि एचटेट परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों तथा उनके अभिभावकों की हरसंभव सहायता की जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित तथा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए जिले में विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस टीमों ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती से संभाला, बल्कि जरूरतमंद परीक्षार्थियों की मौके पर बड़ी मदद भी की। इसी क्रम में ढांड चौक पर चेकिंग के दौरान इंस्पेक्टर ओमप्रकाश अपनी पुलिस टीम के साथ मौजूद थे। इसी दौरान एक महिला परीक्षार्थी अपने अभिभावक के साथ उनके पास पहुंची और बताया कि वह परीक्षा के लिए काफी लेट हो रही है तथा उसे कोई वाहन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

सही समय पर पहुंचे अभ्यर्थी

महिला परीक्षार्थी ने बताया कि उसका परीक्षा केंद्र इंडस स्कूल में है और यदि वह समय पर नहीं पहुंची तो परीक्षा से वंचित रह जाएगी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने तुरंत मानवीय संवेदनशीलता दिखाई और बिना समय गंवाए महिला परीक्षार्थी तथा उसके अभिभावक को पुलिस वाहन में बैठाकर परीक्षा केंद्र के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला परीक्षार्थी को समय पर इंडस स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र में पहुंचाया, जिससे वह समय रहते परीक्षा में शामिल हो सकी। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि कैथल पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं बल्कि आमजन की निस्वार्थ सेवा करना भी है।