Sirohi Accident: शनिवार रात सिरोही के सिरोड़ी में कांडला हाईवे पर दो ट्रेलरों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि देखते ही देखते दोनों भारी वाहन आग के गोले में बदल गए। इस हादसे में एक ड्राइवर की जलकर मौके पर ही मौत हो गई।

धमाकों से दहली रात
रात करीब 9:30 बजे का वक्त था। अचानक हुए धमाके से आसपास के लोग सहम गए। सरकारी अस्पताल के सामने दोनों ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत हुई। आग इतनी तेज थी कि टायर फटने से लगातार तेज धमाके होते रहे। हाईवे पर धुएं का गुबार छा गया। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
मौत के मुंह से निकले 3 लोग
मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो टक्कर होते ही कोहराम मच गया। गनीमत रही कि एक ट्रेलर में सवार ड्राइवर और हेल्पर, जबकि दूसरे ट्रेलर के हेल्पर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। लेकिन, एक ड्राइवर केबिन में ही फंसा रह गया। लपटें इतनी विकराल थीं कि उसे बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। वह बुरी तरह जल गया।
घंटों लगा रहा जाम
सूचना मिलते ही सीओ अशोक आंजना और सीआई कमलेश गहलोत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंच गए। हाईवे पर दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। करीब 40 मिनट से डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने ड्राइवर के शव के अवशेषों को अनादरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों को खबर दे दी गई है। उनके आने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू होगी।
पढ़ें ये खबरें
- शिक्षक दिवस पर डांस का VIDEO वायरल : बीड़ी जलाई ले जिगर से पिया… पर छात्रों के साथ थिरके टीचर, गाने के चयन पर उठे सवाल
- मोतिहारी में पशु तस्करों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 21 पशु बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
- दिल्ली में 1 करोड़ रुपये की लूट से हड़कंप, ITO के पास ऑटो रोककर पिस्टल के दम पर वारदात
- BJP को 1400 करोड़ का चंदाः बंगाल-असम, तमिलनाडु चुनावों के लिए मिला चंदा, क्लोजिंग बैलेंस बढ़कर 7,627 करोड़ रुपये पहुंचा
- बड़वानी के सेंधवा में छापा: तायल परिवार के ठिकानों पर पहुंची ED, कुछ माह पहले NABARD लोन घोटाले में CBI ने दी थी दबिश


