सुशील सलाम, कांकेर। जिले में छात्रा को टेलीग्राम के जरिए अश्लील वीडियो भेजने और प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी देकर परेशान करने के आरोप में एक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया है। छात्रा की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान पीयुषकांत नेताम के रूप में हुई है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

टेलीग्राम पर वीडियो भेजने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने 27 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रोफेसर पीयुषकांत नेताम ने 25 सितंबर 2026 को टेलीग्राम के जरिए उसे अश्लील वीडियो भेजा था। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि प्रोफेसर पहले भी उससे अश्लील बातें करता था।

शिकायत के अनुसार, आरोपी पर प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी देकर छात्रा को मानसिक रूप से परेशान करने का भी आरोप है। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

BNS और IT एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2), 75(3) और 351(2) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(A) के तहत अपराध दर्ज किया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

कृषि महाविद्यालय परिसर से पकड़ा गया आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कांकेर स्थित कृषि महाविद्यालय परिसर में मौजूद है। इसके बाद सहायक उपनिरीक्षक भुनेश्वरी भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर 28 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल मामले में दर्ज आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर उसका पक्ष उपलब्ध नहीं है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H