राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल, युवाओं के रोजगार और राहुल गांधी के भारत से जुड़ाव को लेकर कई आरोप लगाए।
मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रस्तावित ‘जज्बा दौड़’ को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में पहुंचे उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस के पुराने शासन और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि करीब 60 साल तक देश की सत्ता में रहने वाली कांग्रेस अब युवाओं के दर्द की बात कर रही है। उनका आरोप था कि कांग्रेस के शासनकाल में युवाओं को पर्याप्त प्रशिक्षण, शिक्षा और रोजगार के अवसर नहीं मिले और अब उनके बीच जाकर संवाद किया जा रहा है।
‘युवाओं को लॉलीपॉप’
राज्य मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी प्रयागराज में जनरेशन-जेड के युवाओं से संवाद कर रहे हैं और उनकी संपत्ति उनके पास रहने तथा उनके दर्द को साझा करने की बात कह रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस ने वास्तव में युवाओं की समस्याओं को समझा होता तो उन्हें शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के लिए इस तरह संघर्ष नहीं करना पड़ता।
यह भी पढ़ें: “दावे बड़े, हकीकत सिफर!” योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर अखिलेश का करारा प्रहार
कपिल देव अग्रवाल ने राहुल गांधी के युवा संवाद को ‘लॉलीपॉप’ करार दिया। उन्होंने कहा कि केवल युवाओं के बीच जाकर उनके दर्द की बात करने से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
कांग्रेस पर लगाए आरोप
कपिल देव ने कांग्रेस पर विभिन्न आंदोलनों और विवादित नारों को समर्थन देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता से जुड़े सवालों पर कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
राज्य मंत्री ने अनुच्छेद 370 और प्रधानमंत्री की मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मुद्दे का भी उल्लेख किया। राहुल गांधी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें देश की मिट्टी, संस्कृति और किसानों की वास्तविक परिस्थितियों की जानकारी नहीं है।
यह भी पढ़ें: ‘मंदिर प्रशासनिक इकाई नहीं, आस्था का केंद्र’, राम मंदिर के CEO मॉडल पर आचार्य मिथिलेश शरण का बड़ा बयान
इटली संबंधों पर टिप्पणी
कपिल देव अग्रवाल ने राहुल गांधी के इटली से पारिवारिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके अंदर आधा खून इटली का है, इसलिए उन्हें भारत से प्यार नहीं है और वास्तविकता का पर्याप्त ज्ञान नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी चाहे जितनी कोशिश कर लें, देश का नौजवान उनके बहकावे में आने वाला नहीं है।


