Rajasthan News: राजस्थान के करौली जिले में पांचना बांध से जुड़े विवाद का सरकारी स्तर पर समाधान हो चुका है, लेकिन मीणा और गुर्जर समाज के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है। इलाके में हालात ऐसे हैं कि कई जगहों पर सड़कें जाम हैं, दूध की सप्लाई प्रभावित हो गई है और रोडवेज बसों के संचालन पर भी असर पड़ा है।

विवाद की शुरुआत पांचना बांध से किसानों के लिए पानी छोड़ने को लेकर हुई थी। 6 जुलाई को राज्य सरकार के मंत्रियों की मौजूदगी में करीब 61 करोड़ रुपये की लागत वाली नई लिफ्ट परियोजनाओं और गुड़ला लिफ्ट परियोजना के री-मॉडलिंग कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके बाद 13 गांव कमांड क्षेत्र, 39 गांव गुड़ला क्षेत्र और गंभीर नदी के बहाव क्षेत्र के करीब 360 गांवों के किसानों के लिए पानी छोड़ा गया।
हालांकि, तकनीकी दिक्कतों के कारण नहरों में समय पर पानी नहीं पहुंच पाया। इससे नाराज किसानों ने पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में सड़क जाम कर विरोध शुरू कर दिया। बाद में तकनीकी टीम ने नहरों की जांच कर पानी आगे पहुंचाया, लेकिन प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ।
मीणा समाज के प्रदर्शन का असर अब आम लोगों पर भी दिखने लगा है। कई इलाकों में दूध की सप्लाई बाधित हो गई है, जबकि रोडवेज बसों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
इसी बीच विवाद ने नया मोड़ ले लिया। गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति का आरोप है कि सोशल मीडिया पर गुर्जर समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। इसे लेकर करौली के गुड़ला गांव में गुर्जर समाज की पंचायत बुलाई गई, जिसमें गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय बैंसला, गुड़ला पांचना संघर्ष समिति के अध्यक्ष अशोक सिंह धाबाई और समाज के कई पंच-पटेल शामिल हुए।
पंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया जाए। समाज ने मांग की है कि जिले में लगे सभी जाम तुरंत हटाए जाएं और सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
गुर्जर समाज ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो पूरे राजस्थान में चक्का जाम आंदोलन शुरू किया जाएगा। समाज का कहना है कि ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
पढ़ें ये खबरें
- भाजपा से जुड़े दो पक्षों में विवाद, मारपीट का आरोप, VIDEO वायरल… थाने पहुंचा मामला
- कांग्रेस नेता की हत्या की साजिश: सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मॉर्निंग वॉक के दौरान किया गया था हमला
- भ्रम ना फैलाएं… राष्ट्रगान वाले वीडियो पर सतीश महाना की सफाई, कहा- भ्रामक विशलेषण किया जा रहा है
- रीवा को CM मोहन यादव की सौगात! आचार्य नगर से अमहिया नाले तक निर्माण की घोषणा, जानिए पूरी योजना
- दर्दनाक हादसा: बड़ा तालाब में डूबे तीन बच्चे, जान जोखिम में डालकर युवक ने दो को बचाया, एक मासूम की मौत

