सुमन चौहान, करनाल। अल्फा सिटी में 21 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया होने पर सप्लाई दोबारा काटे जाने की चेतावनी के बाद सोमवार को गुस्साए निवासी उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचे। बिल्डर द्वारा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) के पास राशि जमा न कराने से पैदा हुए इस संकट को लेकर निवासियों ने डीसी को ज्ञापन सौंपा।

4 सितंबर को पूरे दिन बंद रही थी बिजली

इससे पहले बिल्डर द्वारा बिल जमा न कराने के चलते 4 सितंबर को सोसाइटी की बिजली सप्लाई पूरे दिन के लिए काट दी गई थी। हालांकि, डीसी के हस्तक्षेप के बाद सप्लाई दोबारा शुरू करा दी गई थी। अब बिजली विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि अगर बकाया बिल का भुगतान तुरंत नहीं किया गया तो सप्लाई फिर से बंद की जा सकती है।

‘समय पर बिल देने के बाद भी हमें सजा क्यों?’

इस चेतावनी से परेशान होकर अल्फा सिटी के निवासी सोमवार को डीसी दफ्तर पहुंचे। निवासियों का कहना है कि वे अपने-अपने बिजली बिल का भुगतान समय पर कर रहे हैं, लेकिन बिल्डर द्वारा एकत्रित की गई यह रकम UHBVN के पास जमा नहीं करवाई जा रही। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब उन्होंने भुगतान कर दिया है तो बिल्डर की लापरवाही की सजा उन्हें क्यों मिल रही है।

पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं लोग

अल्फा सिटी के लोगों के मुताबिक यह पहला मौका नहीं है जब उन्हें प्रशासन का रुख करना पड़ा है। इससे पहले भी निवासी नगर निगम के बाहर धरना दे चुके हैं और जिला सचिवालय के सामने प्रदर्शन कर चुके हैं। अब बिजली सप्लाई फिर बंद होने की आशंका से हजारों परिवारों के रोजमर्रा के जीवन पर संकट मंडरा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m