हरियाणा कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश वाइस चेयरमैन जीतराम कश्यप ने करनाल में बढ़ रहे अपराधों पर चिंता जताई है। उन्होंने हाल ही में हुई हत्याओं का हवाला देते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया।
सुमन चौहान,करनाल। हरियाणा कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के प्रदेश वाइस चेयरमैन जीतराम कश्यप ने करनाल की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में बदमाशों के भीतर सरकार और पुलिस प्रशासन का कोई खौफ नहीं रह गया है। इसके कारण शांत रहने वाला करनाल अब धीरे-धीरे ‘क्राइम सिटी’ बनता जा रहा है। कश्यप ने कहा कि कभी सबसे शांतिप्रिय माने जाने वाले करनाल में अब अपराधी सरेआम घूम रहे हैं। शहर में आए दिन हत्या और लूटपाट की वारदातें सामने आ रही हैं। इन बढ़ती आपराधिक घटनाओं की वजह से स्थानीय लोगों के बीच भारी दहशत और डर का माहौल पैदा हो गया है।
हाल की वारदातों का जिक्र
उन्होंने हाल ही में हुई दो बड़ी घटनाओं का विशेष रूप से जिक्र किया। बीते दिनों सेक्टर नौ में बिजली विभाग की एक महिला क्लर्क की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद मंगलवार को चार बेटियों के पिता एक सब्जी विक्रेता की भी बेरहमी से हत्या कर दी गई। कांग्रेस नेता ने कानून व्यवस्था को लेकर सूबे की सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने का बड़ा-बड़ा दावा करने वाली सरकार अब चुप क्यों बैठी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान सिर्फ महंगाई बढ़ाने और जनता को परेशान करने पर है।
ठोस कदम उठाने की मांग
कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि शहर में कानून का राज स्थापित किया जाए। सरकार और पुलिस प्रशासन को मिलकर अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए। ताकि आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें और व्यापार सुचारू रूप से चल सके।

