करनाल में बीरू वाल्मीकि हत्याकांड से जुड़े हर्ष एनकाउंटर मामले को लेकर भाजपा विधायक जगमोहन आनंद ने रविवार को रोड़ समाज से माफी मांग ली। PWD रेस्ट हाउस में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, विधायक जगमोहन आनंद और अन्य नेताओं की रोड़ समाज के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में विधायक ने कहा कि उनकी भाषा, किसी बात या व्यवहार से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।
6 अगस्त की घटना के बाद बढ़ा था विवाद
बीरू वाल्मीकि की 5 अगस्त को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके अगले दिन यानी 6 अगस्त को बीरू के परिजन प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान विधायक जगमोहन आनंद ने उनके सामने ‘शाम तक रिजल्ट’ देने की बात कही थी।
उसी शाम रोड़ समाज के युवक हर्ष और बीरबल को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। इसके बाद विधायक के बयान को लेकर रोड़ समाज में नाराजगी सामने आई थी।
बोले- 36 बिरादरी का भाईचारा बनाए रखना जिम्मेदारी
बैठक के दौरान जगमोहन आनंद ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते 36 बिरादरी के बीच भाईचारा बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी किसी बात से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए खेद जताते हुए माफी मांगते हैं।
विधायक ने कहा कि उनके खिलाफ कुछ आरोप लगाए जा रहे थे। वह चाहते तो वीडियो या प्रेसनोट जारी करके जवाब दे सकते थे। लेकिन ऐसी स्थिति में लोग बात का अपने-अपने हिसाब से अलग मतलब निकाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि हर काम का अपना वक्त और समय होता है।
आनंद ने कहा कि उन्होंने इसी समाज के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राजनीति शुरू की थी और आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें समाज का साथ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी समाज की भावनाएं आहत होने पर सामने आकर अपनी बात रखना जरूरी है। माफी मांगने और खेद जताने में कोई छोटा नहीं होता।
रोड़ समाज ने रखी थीं तीन मांगें
विधायक ने कहा कि रोड़ समाज ने सरकार के सामने तीन मांगें रखी थीं। इनमें से दो मांगों पर सरकार काम कर रही है। तीसरी मांग उनसे जुड़ी थी। इसी मामले में उन्होंने समाज के बीच खेद प्रकट करते हुए माफी मांगी है।
रोड़ महासभा प्रधान ने की अपील
रोड़ महासभा के प्रधान बलकार सिंह ने कहा कि विधायक जगमोहन आनंद ने समाज को जोड़ने के लिए बड़प्पन दिखाया है। उन्होंने इसकी सराहना की।
बलकार सिंह ने समाज के लोगों से मीडिया के किसी भी साथी को टारगेट नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मीडिया अपना काम कर रहा है। किसी व्यक्ति को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए और न ही गलत बात कही जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं बननी चाहिए, जिससे समाज को नुकसान पहुंचे या उसकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो। मामले में एक सितंबर तक का समय दिया गया है। इसके बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


