हिसार। ऑल इंडिया राहुल गांधी कांग्रेस कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता वजीर सिंह पूनिया को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने पूनिया और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी और तुरंत हिसार छोड़ने को कहा। मामले की शिकायत सिविल लाइंस थाना पुलिस से की गई है। पूनिया ने पुलिस को आरोपी का मोबाइल नंबर और बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी है।
फोन पर गाली-गलौज के बाद दी धमकी
पुलिस को दी शिकायत में वजीर सिंह पूनिया ने बताया कि 29 अगस्त की शाम करीब 7:45 बजे उनके मोबाइल पर एक फोन आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम कुंडू बताया। पूनिया के मुताबिक, फोन उठाते ही आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
बातचीत के दौरान आरोपी ने पूनिया के बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दोनों को हिसार शहर छोड़कर चले जाने की ताकीद की। आरोपी ने धमकी दी कि ऐसा नहीं करने पर अंजाम बुरा होगा।
परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
धमकी के बाद वजीर सिंह पूनिया ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें अपनी और अपने परिवार की जान-माल का गंभीर खतरा महसूस हो रहा है।
पूनिया ने सिविल लाइंस थाना पुलिस को फोन पर हुई पूरी बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग और आरोपी का मोबाइल नंबर सौंपा है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस से सुरक्षा की मांग
कांग्रेस नेता ने पुलिस प्रशासन से मामले में ढिलाई नहीं बरतने की अपील की है। उन्होंने अपनी और अपने बेटे की सुरक्षा के लिए पुलिस गार्ड उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


