करनाल। हरियाणा के करनाल में बिजली निगम के सस्पेंडेड सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (SE) गीतू राम तंवर की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव डीएवी स्कूल के पास खड़ी कार में मिला। खास बात यह है कि आज ही उनकी नौकरी से रिटायरमेंट थी। पुलिस को कार से चार पेज का एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें एक IAS अधिकारी के अलावा तीन XEN और तीन SDO पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

परिजनों के मुताबिक, गीतू राम सुबह करीब 7 बजे घर से निकले थे। कुछ समय बाद उन्होंने फोन पर परिवार को यह कहते हुए बताया कि वह “अपनी आखिरी चिट्ठी देकर आता हूं।” इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। जब तलाश की गई तो उनका शव कार में मिला। परिजनों ने बताया कि उनके मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मौके से मिले सुसाइड नोट को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

सुसाइड नोट में IAS समेत 7 अधिकारियों के नाम

पुलिस के अनुसार, चार पेज के नोट में गीतू राम ने एक IAS अधिकारी को पूरे घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार ठहराया है। इसके अलावा तीन XEN और तीन SDO के नाम भी लिखे गए हैं। नोट में इन अधिकारियों पर कथित तौर पर रंजिश रखने का आरोप लगाया गया है।

नोट में यह भी लिखा गया है कि उनके अधीन काम करने वाले अधिकारी उन्हें बॉस नहीं मानते थे और उनके निर्देशों का पालन नहीं करते थे। गीतू राम ने हरियाणा सरकार से संबंधित अधिकारियों के खिलाफ स्वतंत्र जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की है।

पत्नी के नाम लिखा भावुक संदेश

सुसाइड नोट के आखिर में गीतू राम ने अपनी पत्नी पूनम के नाम एक संदेश भी लिखा। इसमें उन्होंने पत्नी से अपना ख्याल रखने की बात कही और समाज की स्थिति पर चिंता जताई।

पुलिस अब नोट में लगाए गए आरोपों और मौत के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

5 महीने पहले विवादित वीडियो से शुरू हुआ था विवाद

गीतू राम तंवर करीब पांच महीने पहले उस समय चर्चा में आए थे, जब सोनीपत में बनाया गया उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में जाट समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप लगा था। वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया था।

इसके बाद हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (UHBVNL) के एमडी की ओर से उनके निलंबन के आदेश जारी किए गए थे। परिवार का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद गीतू राम मानसिक दबाव में थे। हालांकि, उनकी मौत की वास्तविक वजह क्या रही, यह पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए पीछे

गीतू राम तंवर की उम्र 58 वर्ष थी और सोमवार को ही उनकी सेवानिवृत्ति होनी थी। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी MBBS डॉक्टर है, जबकि छोटी बेटी निति इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है। उनका बेटा स्वास्तिक कॉलेज में पढ़ रहा है। रिटायरमेंट के दिन ही गीतू राम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m