करनाल। हरियाणा के करनाल में 2 अक्टूबर की रात अपने 20वें जन्मदिन की पार्टी मनाने दोस्तों के साथ निकले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। मूल रूप से बिहार के रहने वाले और वर्तमान में करनाल की हांसी रोड गली नंबर-2 के सामने किराये पर रहने वाले कृष (20) का शव देर रात अस्पताल पहुंचा। परिजनों को पहले एक्सीडेंट की सूचना दी गई थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता का आरोप है कि दोस्तों ने ही चाकू मारकर उसकी हत्या की और हादसे की अफवाह फैलाकर फरार हो गए।
घर में केक काटने की सलाह ठुकराकर दोस्तों संग गया था बाहर
कृष के पिता भोला राम ने बताया कि शुक्रवार, 2 अक्टूबर को बेटे का जन्मदिन था। शाम को कृष ने पिता से कुछ रुपये मांगे और दोस्तों के साथ बाहर जाकर बर्थडे सेलिब्रेट करने की बात कही। पिता ने उसे घर पर ही परिवार के साथ जन्मदिन मनाने की सलाह दी थी, लेकिन कृष नहीं माना और दोस्तों के साथ चला गया। रात को मां के फोन करने पर उसने दस मिनट में घर लौटने की बात कही थी, जिसके बाद परिजन सो गए थे।
रात 2 बजे मिली एक्सीडेंट की खबर, अस्पताल पहुंचे तो उड़ गए होश
रात करीब 2 बजे मकान मालिक की बहू ने परिजनों को जगाकर सूचना दी कि कृष का एक्सीडेंट हो गया है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। बदहवास हालत में परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक डॉक्टरों ने कृष को मृत घोषित कर दिया था। बाद में जांच में सामने आया कि कृष का 4-5 युवकों के साथ झगड़ा हुआ था, जिसके दौरान उस पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया।
पिता का आरोप: हत्या के बाद एक्सीडेंट की झूठी कहानी गढ़ी
पिता भोला राम ने आरोप लगाया है कि कृष के दोस्तों ने ही उसकी चाकू घोंपकर हत्या की है। वारदात के बाद मामले को भटकाने के लिए परिजनों को एक्सीडेंट की झूठी खबर दी गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। रोते-बिलखते पिता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से न्याय और परिवार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
पुलिस ने 8-10 संदिग्धों को हिरासत में लिया, मोर्चरी में रखवाया शव
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू करते हुए त्वरित कार्रवाई की और संदिग्ध 8 से 10 युवकों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

