Karnataka Mandya Three Mysterious Death: कर्नाटक के मांड्या में एक ही परिवार के तीन लोगों की रहस्यमयी मौत ने लोगों के साथ ही पुलिस को भी उलझन में डाल दिया। मृतकों की पहचान कपड़ों के व्यापारी प्रभाकर, उनकी पत्नी ज्योति और उनके नवविवाहित बेटे संतोष के रूप में हुई। मां और बेटे के शव घर के कमरे में मिले, जबकि परिवार के मुखिया प्रभाकर का शव उनकी खुद की कपड़ों की दुकान में फंदे से लटका हुआ मिला। इस खौफनाक रहस्यमयी मौत ने लोगों में सनसनी मचा दी।

शुरुआत में इस मौत को हत्याकांड और आत्महत्या के मामले को एक गहरे रहस्य के रूप में देखा जा रहा था। जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक सुसाइड नोट लगा, जिसने इस पूरी घटना के पीछे के खौफनाक सच से पर्दा उठा दिया। पुलिस जांच में जो बातें सामने आईं, वे बेहद चौंकाने वाली हैं।

दरअसल कपड़ा व्यापारी प्रभाकर ने कर्ज के जाल और निजी फाइनेंस कंपनियों के उत्पीड़न से तंग आकर इस हत्याकांड और आत्महत्या को अंजाम दिया था। सुसाइड नोट के मुताबिक, परिवार के मुखिया प्रभाकर ने पहले पत्नी ज्योति और फिर अपने इकलौते बेटे संतोष की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद, वह चुपचाप घर से निकला और अपनी कपड़ों की दुकान में जाकर खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया।

प्रभाकर ने नोट में लिखा कि उसने अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए कुछ निजी वित्त कंपनियों (प्राइवेट फाइनेंस कंपनियों) से भारी ब्याज पर कर्ज लिया था। व्यापार बंद होने के कारण वह कर्ज की किस्तें चुकाने में असमर्थ था। इसके चलते निजी कंपनियों के एजेंट उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित और उत्पीड़ित कर रहे थे। इस लगातार बढ़ते दबाव और कर्ज के दलदल से बाहर निकलने का कोई रास्ता न देख हताशा में उसने अपनी पत्नी और बेटे को मारकर खुद की जीवनलीला भी समाप्त करने का फैसला किया।

महज डेढ़ महीने पहले हुई थी बेटे की शादी

प्रभाकर के बेटे संतोष की शादी को महज डेढ़ महीना ही हुआ था। घर में अभी शादी की खुशियों का माहौल पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ था कि दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना वाली रात संतोष की नवविवाहित पत्नी घर के दूसरे हिस्से में गहरी नींद में सो रही थी। उसे रात में हुई इस भयानक घटना की भनक तक नहीं लगी। अगले दिन सुबह जब वह उठी, तो उसने रोजाना की तरह पूरे परिवार के लिए नाश्ता बनाया। नाश्ता तैयार करने के बाद जब वह अपनी सास ज्योति को जगाने के लिए उनके कमरे में गई, तब जाकर इस खौफनाक मंजर का खुलासा हुआ। कमरे का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।

मामले की जांच जारीः एसपी

मामले पर मांड्या जिले की एसपी शोभारानी ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में वित्तीय संकट और प्रताड़ना की बातें लिखी हैं। पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और सुसाइड नोट में दी गई जानकारियों के आधार पर गहन जांच की जा रही है।

पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m