कटिहार पुलिस लाइन में सुरक्षा व्यवस्था को एक फर्जी सैप (विशेष सहायक पुलिस) जवान पिछले 15 दिनों से पुलिस लाइन के अंदर बैरक में छिपकर रह रहा था। खास बात यह है कि वह पुलिसकर्मियों के साथ न केवल उठता-बैठता था, बल्कि उनके साथ ही रहता और भोजन भी करता था। जब एक सतर्क सिपाही को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ, तब जाकर इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

​सहरसा का रहने वाला है आरोपी दीपक कुमार

​पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कटिहार पुलिस लाइन से गिरफ्तार किए गए इस फर्जी युवक की पहचान 45 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला है। वह पिछले पंद्रह दिनों से पूरी बेखौफ अंदाज में पुलिस लाइन के भीतर रह रहा था। आरोपी ने खुद को सैप जवानों की गाड़ी का चालक (ड्राइवर) बताकर सभी को झांसे में ले रखा था। वह पुलिसकर्मियों के बीच इस तरह रहता था कि किसी को भी उस पर शक नहीं हुआ।

​एक सिपाही के शक से खुला पूरा राज

​दीपक कुमार की पोल तब खुली जब पुलिस लाइन के ही एक सिपाही की नजर उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। सिपाही को उसकी हरकतों और तौर-तरीकों पर शक हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने तुरंत दीपक से कड़ाई से पूछताछ शुरू की। जब अधिकारियों ने उससे उसका पहचान पत्र, नियुक्ति पत्र या अन्य वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात पेश करने में असमर्थ रहा। इसके बाद उसकी पोल खुल गई और उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

​मकसद और आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

​इस सनसनीखेज खुलासे के बाद कटिहार के पुलिस अधीक्षक (SP) परिचय कुमार ने इस पूरी घटना की पुष्टि की है। एसपी ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और उसके असली मकसद का पता लगाने के लिए गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि आखिर वह किस इरादे से पुलिस लाइन के अंदर रह रहा था और कहीं उसका संबंध किसी आपराधिक गिरोह से तो नहीं है। उसके पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।

​पुलिस लाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

​एक सरकारी और संवेदनशील परिसर यानी पुलिस लाइन के अंदर बिना किसी वैध कागजात के एक बाहरी व्यक्ति का 15 दिनों तक रहना अपने आप में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। एसपी परिचय कुमार ने इस गंभीर चूक का संज्ञान लेते हुए पुलिस लाइन की पूरी सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।