कुंदन कुमार, पटना। पटना के गांधी मैदान में आज रविवार (28,जून) को कायस्थ बैठकी का आयोजन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से ये निर्णय लिया गया कि पूरे बिहार में कायस्थ समाज को एकजुट करके राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग करेंगे। उनका कहना है कि भाजपा में एक भी कायस्थ विधायक नहीं है। भाजपा ने किसी कायस्थ को टिकट नहीं दिया। कांग्रेस-राजद में भी कायस्थ के नेता नहीं हैं, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है।
बैठक में शामिल समाजसेवी शीतेश रमन ने बताया कि, कायस्थ समाज की भूमिका सभी पार्टी के लिए अहम है। लेकिन कायस्थों को टिकट नहीं दिया जाता है, जो कि गलत है।
बांकीपुर से कायस्थ नेता को टिकट देने की मांग
आपको बता दे कि पटना के बांकीपुर सीट से नितिन नबीन चुनाव जीते थे, उन्हें बीजेपी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया और राज्यसभा का सदस्य बना दिया। ऐसे में अब बांकीपुर सीट पर उपचुनाव होना है। इस लिहाज से ही कायस्थ समाज के लोग एकजुट होकर इस सीट से कायस्थ नेता को टिकट देने की मांग को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।
बांकीपुर सीट कायस्थ बहुल क्षेत्र है। बांकीपुर से लगातार कायस्थ ही ज्यादातर विधायक बने हैं। ऐसे में कायस्थ समाज की मांग है कि बांकीपुर से किसी कायस्थ को ही टिकट दिया जाए।
बांकीपुर से उपचुनाव लड़ सकते हैं प्रशांत किशोर
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पटना की हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है। जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने इस सीट से चुनाव लड़ने के संकेत देकर बांकीपुर उपचुनाव को और भी रोचक बना दिया है। उधर राजद भी इस सीट पर अपना कब्जा जमाकर राज्य की राजनीति में खुद को स्थापित करना चाहेगी। ऐसे में अब सभी की निगाहें चुनाव आयोग पर हैं। देखने वाली बात यह होगी की चुनाव आयोग बांकीपुर उपचुनाव के लिए कब तारीखों का ऐलान करता है।
ये भी पढ़ें- ‘तेजस्वी ने भी रिशु श्री से लिया है कमीशन’, बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार का बड़ा बयान

