कुंदन कुमार, पटना। राजद सुप्रीमो लालू यादव के प्रति पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की दिवानगी देखते ही बनती है। आज रविवार को वैशाली के भगवानपुरा में भी कुछ इसी तरह का अनोखा नजारा देखने को मिला, जब राजद नेता केदार प्रसाद यादव ने पूर्व सीएम की तस्वीर पर 251 किलो दूध से अभिषेक कराया। इस दौरान पंडित को भी बुलाया गया, जिन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई और उनकी तस्वीर के सामने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।

लालू यादव को बताया ‘भगवान’

राजद नेता केदार प्रसाद यादव ने लालू यादव को ‘कलयुग का अवतार’ और भगवान का रूप बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान कृष्ण ने कंस का वध कर लोगों को मुक्ति दिलाई थी, उसी तरह उनके नेता (राजद सुप्रीमो) ने गरीबों की आवाज उठाई और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि, लालू यादव उनके लिए भगवान समान हैं। इसी श्रद्धा के चलते उन्होंने उनकी तस्वीर का दूध से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की।

251 किलो दूध से किया गया अभिषेक

इस दौरान लालू यादव की तस्वीर पर 251 किलो दूध से अभिषेक किया गया। इस दौरान पंडित अभय आचार्य विधि-विधान से मंत्रों का जाप करते रहे और समर्थकों ने भी राजद सुप्रीमो के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। फिलहाल लालू प्रसाद यादव की तस्वीर पर 251 किलो दूध से अभिषेक करने और उन्हें भगवान का रूप बताने को लेकर मामला सुर्खियों में बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- ‘नहीं लेने देंगे निर्दोषों की बलि’, तेजस्वी ने रोशन यादव मौत मामले में NHRC को लिखा पत्र