FIFA World Cup 2026 Final: FIFA वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। भारतीय समयानुसार आज देर रात अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। इसी उत्साह को देखते हुए केरल सरकार ने एक अनोखा फैसला लिया है। राज्य के सामान्य शिक्षा विभाग ने विभाग के अधीन आने वाले सभी स्कूलों में कल यानी सोमवार, 20 जुलाई को अवकाश घोषित कर दिया है।

छात्रों की मांग पर लिया गया फैसला

रविवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह निर्णय उन छात्रों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए लिया गया है जो देर रात होने वाला FIFA वर्ल्ड कप फाइनल देखना चाहते थे। सरकार का मानना है कि मुकाबला देर रात तक चलने के कारण छात्रों के लिए सोमवार सुबह समय पर स्कूल पहुंचना मुश्किल हो सकता है। इसी वजह से सभी सरकारी और सामान्य शिक्षा विभाग के अधीन संचालित स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से छुट्टी की घोषणा की। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा, “बच्चों, अब खुश हो?”

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि फुटबॉल प्रेमी छात्रों की मांग को देखते हुए विभाग ने सोमवार, 20 जुलाई को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है, ताकि छात्र बिना किसी चिंता के वर्ल्ड कप फाइनल का आनंद ले सकें।

पूर्व शिक्षा मंत्री ने भी की थी अपील

इससे पहले CPI(M) नेता और केरल के पूर्व शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने भी राज्य सरकार से सोमवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित करने की मांग की थी। उनका कहना था कि फाइनल मुकाबला देर रात शुरू होकर सोमवार सुबह तक चल सकता है, जिससे छात्रों के लिए समय पर स्कूल पहुंचना कठिन होगा।

उन्होंने यह सुझाव भी दिया था कि इस छुट्टी की भरपाई किसी शनिवार को कार्यदिवस घोषित कर की जा सकती है। वहीं, विपक्षी गठबंधन UDF के कई नेताओं ने भी सरकार से इसी तरह की मांग की थी।

फुटबॉल के प्रति नेताओं का भी दिखा उत्साह

केरल में फुटबॉल को लेकर लोगों के बीच हमेशा से खास दीवानगी रही है। सामान्य शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन, उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन और खेल मंत्री ओ. जे. जनीश भी फुटबॉल के बड़े प्रशंसक माने जाते हैं। वर्ल्ड कप के दौरान तीनों मंत्री अपनी पसंदीदा टीमों के समर्थन में सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट साझा करते रहे हैं।

कब और कहां खेला जाएगा फाइनल?

FIFA वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अर्जेंटीना और स्पेन के बीच अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा। स्थानीय समय के अनुसार मैच 19 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा। वहीं, भारतीय समय के मुताबिक यह मुकाबला सोमवार 20 जुलाई (आज देर रात) को रात 12:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में भारत के फुटबॉल प्रशंसकों को इस ऐतिहासिक मुकाबले का रोमांच देखने के लिए देर रात तक जागना होगा।

फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह

वर्ल्ड कप फाइनल को लेकर केरल समेत पूरे देश में फुटबॉल प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया केरल सरकार का यह फैसला देशभर में चर्चा का विषय बन गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H