लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार फिर बनेगी. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल एकजुट होकर चुनाव लड़ें या अलग-अलग, इससे भाजपा की संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा. मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा.
इसे भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, NCR के आधार पर नहीं रोका जा सकेगा पासपोर्ट; जानें FIR पर HC ने क्या कहा?
विपक्षी एकजुटता पर केशव मौर्य का बयान
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्षी दल चाहे एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ मैदान में उतरें या अलग-अलग चुनाव लड़ें, उत्तर प्रदेश में कमल खिलेगा. उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में कमल खिला है, भाजपा-NDA की सरकार चल रही है और आगे भी बनेगी और चलेगी.” मौर्य ने विपक्ष के मंसूबे सफल नहीं होने का दावा भी किया.
अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर साधा निशाना
उपमुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी को “अत्यधिक अहंकारी” बताते हुए आरोप लगाया कि दोनों नेता दूसरे नेताओं को सम्मानजनक भाषा में संबोधित नहीं करते. राजनीतिक मतभेदों के बावजूद नेताओं को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए. मौर्य ने विपक्षी नेताओं की भाषा और व्यवहार को लेकर सवाल उठाए.
जयंत चौधरी का जिक्र कर बताया अपना संस्कार
केशव मौर्य ने केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने किसी नेता के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं किया. मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी के नेताओं ने भी कभी अपशब्दों का प्रयोग नहीं किया. उन्होंने इसे अपने राजनीतिक संस्कार से जोड़ते हुए विपक्ष पर निशाना साधा.
इसे भी पढ़ें- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर BJP का हमला, जगदीश पटेल बोले- पागलों का कोई ठिकाना नहीं
2027 चुनाव से पहले तेज हुई सियासी बयानबाजी
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और विपक्षी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो रहे हैं. केशव मौर्य का बयान ऐसे समय आया है, जब संभावित चुनावी गठबंधनों और विपक्षी एकजुटता को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं. हालांकि, आगामी चुनाव में किस दल या गठबंधन को कितना समर्थन मिलेगा, इसका फैसला मतदाता करेंगे.

