लखनऊ. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया है. बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव और यूपी सह-प्रभारी जगदीश पटेल, सांसद रवि किशन और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्ष के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी.

इसे भी पढ़ें- इनके साथ अन्याय क्यों योगी जी? NHM संविदा कर्मचारियों की मांगों को चंद्रशेखर आजाद का समर्थन, सरकार से कह दी बड़ी बात

जगदीश पटेल की कांग्रेस पर तीखी टिप्पणी

बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव जगदीश पटेल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, “पागलों का कोई ठिकाना नहीं होता. अगर पागल लोग अजीब हरकतें नहीं करेंगे, तो आप उनसे और क्या उम्मीद कर सकते हैं?” उन्होंने विपक्ष के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे लोगों के बारे में क्या कहा जाए.

रवि किशन बोले- संस्थाओं को हाईजैक करना चाहते हैं

बीजेपी सांसद रवि किशन ने आरोप लगाया कि चुनाव में बीजेपी को हराने में नाकाम विपक्ष अब संस्थाओं को हाईजैक करने पर उतारू है. उन्होंने कहा कि विपक्ष ने 65 साल तक देश का शोषण किया और अब भारत को फिर 65 साल पीछे ले जाना चाहता है. रवि किशन ने दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदर्शनकारी जनता की जरूरतों के बारे में नहीं पूछ रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के साथ है.

ब्रजेश पाठक ने संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए सवालों को घेरा

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि विपक्ष को पता है कि जनता के बीच उसकी दाल नहीं गलने वाली, इसलिए वह संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाता है. उन्होंने कहा कि केरलम, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में विपक्षी दलों की सरकारें बनने पर निर्वाचन आयोग पर सवाल नहीं उठाए जाते. पाठक ने इसे विपक्ष की फेस सेविंग बताया और दावा किया कि जनता उसे नकार चुकी है.

इसे भी पढ़ें- विजय मिश्रा को भदोही कोर्ट से राहत, जालसाजी और आपराधिक साजिश के मुकदमे में हुए आरोपमुक्त

अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्रजेश पाठक ने जाति के नाम पर वोट मांगने और मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली पार्टियों पर सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि अपने चार कार्यकालों के दौरान इन दलों ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ की व्यवस्था दी थी या नहीं.