अहमदाबाद। शहर में खाद्य तेल की रीपैकिंग और बिक्री में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) के खाद्य सुरक्षा विभाग ने लाभां स्थित एक खाद्य तेल रीपैकिंग इकाई पर औचक छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की है। जांच के दौरान मौके से 3.93 लाख रुपये से अधिक कीमत का खाद्य तेल जब्त करते हुए पूरी इकाई को सील कर दिया गया है।

जांच में खुलीं गंभीर खामियां

मनपा खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, इस इकाई में सोयाबीन, कपास बीज और पाम तेल की रीपैकिंग का काम किया जाता था। हालांकि इकाई के पास केंद्रीय खाद्य लाइसेंस उपलब्ध था, लेकिन रीपैकिंग प्रक्रिया, पैकेजिंग मानकों और स्टॉक रिकॉर्ड के रख-रखाव में कई गंभीर खामियां पाई गईं।

कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके से 175 भरे हुए तेल के टिन जब्त किए और उनकी बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी। इसके अतिरिक्त परिसर से लगभग 300 पुराने व इस्तेमाल किए हुए खाली टिन बरामद हुए। आशंका जताई जा रही है कि इन इस्तेमाल किए जा चुके टिनों का उपयोग दोबारा तेल भरकर बाजार में बेचने के लिए किया जाना था। लेबल और पैकेजिंग सामग्री की प्राथमिक जांच में भी भारी अनियमितताएं सामने आई हैं।

उत्पादन और बिक्री का रिकॉर्ड नदारद

विभाग द्वारा इकाई संचालक से उत्पादन, रीपैकिंग, स्टॉक और बाजार में भेजे गए तेल के बैच (डिस्पैच) का पूरा हिसाब मांगा गया। संचालक माल की आवाजाही का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। इससे तेल के मूल स्रोत से लेकर अंतिम उपभोक्ता तक ट्रेसिंग (Tracking) में बाधा उत्पन्न हो रही है, जिससे गुणवत्ता संबंधी समस्या होने पर तेल को बाजार से वापस मंगाना (Recall) असंभव हो जाता है।

लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की तैयारी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब्त टिन, पैकेजिंग सामग्री और दस्तावेजों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एकत्र किए गए सभी साक्ष्य और रिपोर्ट केंद्रीय लाइसेंसिंग अथॉरिटी को भेजी जा रही है, जिसके आधार पर संबंधित इकाई के लाइसेंस को निलंबित या पूरी तरह रद्द करने की सिफारिश की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें