इमरान खान, खंडवा। खंडवा जिले के पंधाना, कालंका, टाकलखेड़ा सहित आसपास के कई गांवों में कथित अवैध कच्ची शराब की बिक्री के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को महिलाएं अनोखे अंदाज में अपनी शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। महिलाओं ने सिर पर कच्ची शराब के डिब्बे रखे और प्रशासन से गांवों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
ये भी पढ़ें: दतिया के सेवढ़ा कोर्ट में सेंध: मालखाने में जमा सामान ले उड़े चोर, जरूरी दस्तावेज-सबूत गायब करने की भी आशंका
सिर पर डिब्बे और ‘लाडले भाई’ को तोहफा
महिलाओं ने कहा कि गांवों में खुलेआम बिक रही कच्ची शराब के कारण कई परिवार बर्बादी की ओर बढ़ रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है। महिलाओं ने कहा कि वे रक्षाबंधन के मौके पर अपने ‘लाडले भाई कलेक्टर साहब’ को यह तोहफा देने आई हैं, ताकि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से ले और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करे।
महिलाओं ने बनाई समिति, खुद पकड़ रहीं शराब
महिला ममता मोरे ने बताया कि महिलाओं ने गांव में एक समिति बनाई है। समिति से जुड़ी महिलाएं गांव-गांव जाकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक कर रही हैं। उनका कहना है कि महिलाएं सिर्फ जागरूकता अभियान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांवों में बिक रही अवैध कच्ची शराब को पकड़कर पुलिस को सौंपने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग भी कर रही हैं।
सख्त कार्रवाई की है मांग
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कच्ची शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि नशे की वजह से परिवारों को होने वाली परेशानी और बर्बादी को रोका जा सके। महिलाओं ने साफ कहा कि उनका अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक गांवों में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग जाती।
ये भी पढ़ें: शहडोल में जब कलेक्टर से बोले किसान- ‘आप ही हमारे भगवान, नीचे खड़े भाइयों से भी मिल लीजिए’; हाथ जोड़कर लगाई गुहार
प्रशासन का क्या है कहना?
वहीं, इस मामले में अपर कलेक्टर के आर बड़ोले ने कहा कि महिलाओं ने जो शिकायत की है, उससे पुलिस और आबकारी विभाग से संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई कराएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


