हर्षराज गुप्ता, खरगोन। शिक्षा विभाग में लापरवाही और अनुशासनहीनता इस कदर हावी हो चुकी है कि मास्टर साब शराब के नशे में ही स्कूल पहुंच गए और हद तो तब हो गई जब यह शराबी मास्टर स्कूल के गेट के पास ही बेसुध हालत में पड़ा रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में मिलने वाली कच्ची शराब पीकर टल्ली हुए इस शिक्षक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे शिक्षा विभाग को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
ये भी पढ़ें: रील के चक्कर में भूल गए मर्यादा! छात्राओं के सामने मनचलों ने किया अश्लील डांस, कब दर्ज होगी FIR?
कच्ची शराब पीकर पहुंचे मास्टर साहब, गेट पर हुए ढेर!
यह पूरी घटना विकासखंड भगवानपुरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहनपुरा संकुल की है, जहां शिक्षक की इस हरकत ने सबको हैरान कर दिया। आरोपी शिक्षक की पहचान लालसिंह के रूप में हुई है, जो भगवानपुरा ब्लॉक के ही प्राथमिक विद्यालय कदवाली फलिया में पदस्थ है।
मास्टर साहब संकुल मोहनपुरा में काम से पहुंचे थे लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही वे ग्रामीण इलाकों में बिकने वाली अवैध कच्ची शराब का सेवन कर चुके थे। नशा इतना तगड़ा था कि वे स्कूल के भीतर कदम रखने की हालत में भी नहीं थे और स्कूल गेट के पास ही कचरे की तरह बेसुध होकर गिर पड़े।
कैमरे में कैद हुई ‘करतूत’, तमाशबीन बना रहा विभाग
स्कूल आने-जाने वाले छात्रों और ग्रामीणों ने जब गुरुजी की यह ‘नशेड़ी’ हालत देखी तो उनका गुस्सा भड़क गया। ग्रामीणों ने स्कूल गेट पर पड़े तड़पते और लड़खड़ाते शिक्षक का मोबाइल से वीडियो बना लिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बच्चों को भविष्य संवारने का पाठ पढ़ाने वाला यह शिक्षक खुद किस कदर नशे की गर्त में डूबा हुआ है।
ये भी पढ़ें: राज्यमंत्री के क्षेत्र में चारपाई बनी ‘एंबुलेंस’! 1.5 किमी खाट पर बुजुर्ग महिला को ढोने को मजबूर हुए ग्रामीण
ग्रामीणों और पालकों का साफ कहना है कि जो शिक्षक खुद सुबह-सुबह कच्ची शराब पीकर स्कूल आ रहा है, वह मासूम नौनिहालों को क्या खाक शिक्षा देगा? ऐसे गैर-जिम्मेदार शिक्षकों के भरोसे बच्चों का भविष्य पूरी तरह से अंधकार में धकेला जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

