KKR vs GT IPL 2026: कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बल्लेबाजों ने चौके-छक्कों की ऐसी बारिश की कि गुजरात टाइटंस के गेंदबाज पानी मांगते नजर आए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में पहाड़ जैसा 247 रनों का स्कोर खड़ा करते हुए इतिहास रच दिया।

बता दें कि यह आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है, जबकि आईपीएल इतिहास में यह KKR का तीसरा सबसे बड़ा टोटल है।
IPL के इतिहास में KKR के 3 सबसे बड़े टोटल
272/7 बनाम दिल्ली कैपिटल्स, विशाखापत्तनम (3 अप्रैल, 2024)
261/6 बनाम पंजाब किंग्स, कोलकाता (26 अप्रैल, 2024)
247/2 बनाम गुजरात टाइटंस, कोलकाता (16 मई 2026)*
महज 7 रन से चूके फिन एलन, रिकॉर्ड टूटने से बचा

गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन केकेआर के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। एलन ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाते हुए महज 35 गेंदों में 93 रनों की आतिशी पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 10 गगनचुंबी छक्के और 4 चौके जड़े।
एलन ना केवल अपने शतक से चूके, बल्कि केकेआर के इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी का नया कीर्तिमान रचने से भी मामूली अंतर से रह गए। दिलचस्प बात यह है कि केकेआर के लिए सबसे तेज शतक (47 गेंद) का मौजूदा रिकॉर्ड भी खुद फिन एलन के ही नाम दर्ज है।
बाउंड्री से ही कूट दिए 180 रन, छक्कों का नया इतिहास
केकेआर की इस ऐतिहासिक पारी की सबसे बड़ी खासियत रही बाउंड्रीज की बरसात। पूरी पारी के दौरान कोलकाता के बल्लेबाजों ने कुल 22 छक्के और 12 चौके उड़ाए। यानी टीम के कुल 247 रनों में से 180 रन सिर्फ चौके-छक्कों की मदद से बोर्ड पर टंग गए।
एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंची KKR
एक पारी में 22 छक्के लगाकर KKR अब आईपीएल इतिहास में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गई है। सनराइजर्स हैदराबाद भी दो मौकों पर एक पारी में 22 छक्के लगा चुकी है। हालांकि, एक पारी में सबसे ज्यादा 24 छक्के लगाने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम सुरक्षित है।
ग्रीन और रघुवंशी की 108 रनों की नाबाद ‘महासाझेदारी’

जब 11.2 ओवर में फिन एलन आउट होकर पवेलियन लौटे, तब तक कोलकाता की टीम 2 विकेट पर 139 रन बना चुकी थी। इसके बाद मैदान पर उतरे कैमरून ग्रीन और अंगकृष रघुवंशी ने रन रेट को जरा भी धीमा नहीं पड़ने दिया और गुजरात के गेंदबाजों के हौसले पस्त कर दिए।
दोनों ने मिलकर महज 52 गेंदों में 108 रनों की नाबाद शतकीय साझेदारी कर डाली। रघुवंशी ने बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 82 रन ठोक दिए, वहीं दूसरी छोर से कैमरून ग्रीन ने भी 28 गेंदों में 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर गुजरात के सामने जीत के लिए 248 रनों का असंभव सा दिखने वाला लक्ष्य रख दिया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

