उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। कोलकाता के चोरबागान में दुर्गा पूजा के समय पंडाल में भगदड़ हुई थी। इस घटना में कुल 19 लोगों की मौत हुई थी, जिसमें बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के एक ही परिवार के दो सदस्य (पिता-पुत्र) भी शामिल थे। भगदड़ में जान गंवाने वाले 17 लोगों को शुभेंदु अधिकारी ने खुद जाकर आर्थिक सहायता (मुआवजा) दिया था। वहीं, मुजफ्फरपुर के पीड़ित परिवार को 25-25 लाख रुपए की सहायता राशि बंगाल के नगर विकास राज्य मंत्री उमेश राय के हाथों भिजवाया। इस प्रकार परिवार को कुल 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
मंत्री उमेश राय ने आज शुक्रवार (30, अक्टूबर) को पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सीएम शुभेंदु अधिकारी की ओर से भेजी गई इस सहायता राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले के भाजपा के अधिकारी कई गणमान्य एवं सामाजिक-राजनीतिक लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में परिवार को संबल प्रदान करने का भरोसा दिलाया।
एक ही परिवार के दो सदस्यों को खोना परिजनों के लिए अपूरणीय क्षति है। ऐसे कठिन समय में शुभेंदु अधिकारी की ओर से दी गई आर्थिक सहायता पीड़ित परिवार के लिए महत्वपूर्ण संबल साबित होगी। यह पहल केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की मानवीय भावना को भी दर्शाती है।
पीड़ित परिवार समेत आसपास के लोगों ने इस सहयोग के लिए शुभेंदु अधिकारी एवं मंत्री उमेश राय के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि संकट के समय पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आना सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय दायित्व का परिचायक है।
वहीं, मौके पर मौजूद भाजपा पूर्वी मुजफ्फरपुर के जिला अध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि, शुभेंदु अधिकारी ने वीडियो कॉल पर पीड़ित परिवार से बात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि शुभेंदु अधिकारी पीड़ित परिवार के सदस्य को बंगाल में ग्रुप डी की नौकरी देना चाहते थे, लेकिन डोमिसाइल नहीं होने के कारण यह संभव नहीं हो पाया। उन्होंने आश्वासन दिया है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बात करके वह पीड़ित परिवार के सदस्य को बिहार में ही डी ग्रुप की नौकरी दिलाने का प्रयास करेंगे।
ये भी पढ़ें– ‘चोरी और सीनाजोरी’, मौलाना अरशद मदनी के बयान पर भड़के गिरिराज सिंह, कांग्रेस को भी घेरा

