मनोज यादव, कोरबा। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र में बीते रोज बारिश के बीच उफनते नाले को पार करने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। ग्राम नकिया निवासी 28 वर्षीय युवक तेज बहाव में बाइक समेत बह गया। घटना के करीब 12 घंटे बाद आज सुबह उसका शव घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। वहीं, उसके साथ मौजूद साथी किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार लेमरू थाना क्षेत्र के वनांचल ग्राम नकिया निवासी राहुल कुमार मंझवार (28) सोमवार को अपने साथी बुधराम मंझवार के साथ घरेलू काम से कोरबा शहर आया था। देर शाम दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। लगातार हो रही बारिश के कारण गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले स्थित सांचर नाला उफान पर था और उसमें तेज बहाव बना हुआ था।
ग्रामीणों के मुताबिक नाले में पानी का स्तर काफी बढ़ गया था और बहाव भी बेहद तेज था। इसके बावजूद राहुल कुमार मंझवार ने बाइक सहित नाला पार करने का प्रयास किया। जैसे ही बाइक नाले के बीच पहुंची, तेज बहाव ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में राहुल बाइक समेत बह गया, जबकि उसका साथी बुधराम किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा और अपनी जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण रातभर युवक की तलाश नहीं हो सकी। मंगलवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च अभियान के दौरान राहुल का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बारिश के मौसम में उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार करने से बचने की अपील प्रशासन लगातार करता रहा है। इसके बावजूद लोग जोखिम उठाकर पानी से लबालब रास्तों को पार करने का प्रयास करते हैं, जिससे इस तरह की दर्दनाक घटनाएं सामने आती रहती हैं। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


