कुरुक्षेत्र. हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद में अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे-152 पर तेज रफ्तार EV कार ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रणजीत सिंह (34) की मौत हो गई। हादसा लोटनी गांव के पास हुआ। टक्कर के बाद कार चालक मौके से कार लेकर फरार हो गया। एक परिचित ने कार का पीछा कर उसका नंबर नोट कर लिया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मृतक की पहचान खेड़ी शहीदां निवासी रणजीत सिंह के रूप में हुई है। वह इस्माइलाबाद में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटी है।

ढाबे से निकलते ही हुआ हादसा
गुरुनानक नगर निवासी रशपाल सिंह आढ़त की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात वह लोटनी गांव के पास एक ढाबे पर चाय पीने गए थे। वहां से निकलते समय उनका जानकार रणजीत सिंह बाइक से सर्विस लेन की तरफ से पिहोवा-अंबाला रोड पर पहुंचा।
इसी दौरान पिहोवा की ओर से तेज रफ्तार EV कार आई और रणजीत की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रणजीत बाइक समेत सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरा।
टक्कर के बाद कार लेकर भागा ड्राइवर
हादसे में रणजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार का टायर भी पंक्चर हो गया। इसके बावजूद ड्राइवर कार को मौके से लेकर भाग गया।
रशपाल सिंह ने कार का पीछा किया और उसका नंबर CH-01-DC-0740 नोट कर लिया। इसी आधार पर पुलिस कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


