कुरुक्षेत्र के पिहोवा क्षेत्र के रहने वाले संजीव कुमार ने अपनी पत्नी पर ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी बेकरी बेचकर और लाखों का कर्ज लेकर पत्नी को विदेश भेजा था, जिसने अब साथ रहने से इनकार कर दिया है।
कुरुक्षेत्र। जिले से रिश्तों में विश्वास टूटने का एक मामला सामने आया है। पिहोवा क्षेत्र के एक युवक ने आरोप लगाया है कि उसने अपनी पत्नी के विदेश में पढ़ाई के सपने को पूरा करने के लिए बेकरी तक बेच दी, लाखों रुपये का कर्ज लिया और उसे ऑस्ट्रेलिया भेजा। लेकिन करीब चार साल बाद भी पत्नी ने न तो उसे अपने पास बुलाया और अब उसके साथ रहने से भी इनकार कर दिया। पीड़ित का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम ने उसे आर्थिक और मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया है।
पीड़ित संजीव कुमार के अनुसार, 30 अक्टूबर 2022 को परिवारों की सहमति से उनका अंतरजातीय विवाह हुआ था। शादी के बाद दोनों शिमला और अमृतसर भी घूमने गए। कुछ समय बाद उनकी पत्नी ने ऑस्ट्रेलिया जाकर पढ़ाई करने और बाद में उन्हें भी अपने पास बुलाने का आश्वासन दिया। संजीव का आरोप है कि पत्नी की बात पर भरोसा करते हुए उन्होंने अपनी बेकरी बेच दी और करीब 22 लाख रुपये उधार लेकर दिसंबर 2022 में उसे ऑस्ट्रेलिया भेजा।
संजीव का आरोप है कि ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद पत्नी लगातार स्पॉन्सर भेजने का भरोसा देती रही, लेकिन कोई प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। बाद में उन्हें पता चला कि दस्तावेजों में पत्नी ने खुद को अविवाहित दर्शाया है। उनका यह भी आरोप है कि पहले विवाह पंजीकरण रद्द कराया गया और बाद में सितंबर 2023 में दोबारा विवाह पंजीकृत कराया गया। इसके बावजूद पत्नी वापस ऑस्ट्रेलिया चली गई और उन्हें अपने पास नहीं बुलाया।
पीड़ित का दावा है कि विदेश भेजने, वीजा प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं में उसका कुल खर्च करीब 34 लाख रुपये तक पहुंच गया। इस आर्थिक बोझ के कारण परिवार गंभीर संकट में आ गया। संजीव का कहना है कि बढ़ते कर्ज और मानसिक तनाव के बीच उनके पिता का निधन हो गया और अब वह हर महीने भारी ब्याज की किस्तें चुकाने को मजबूर हैं।
संजीव ने आरोप लगाया कि अब उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष ने उनसे पूरी तरह संपर्क खत्म कर दिया है। उनका कहना है कि उनका मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट तक ब्लॉक कर दिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने बाद में यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि उनकी बेटी अब उनकी बात भी नहीं मानती।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई दूतावास में शिकायत भेजी है और ऑस्ट्रेलिया में कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए भी याचिका दायर की है। साथ ही वह कुरुक्षेत्र पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा खर्च की गई राशि वापस दिलाने की मांग करेंगे। फिलहाल इस मामले में पत्नी या ससुराल पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है।

