गोविंद पटेल, कुशीनगर. हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह के पास एनएच-28 पर रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत के मामले में मृतक के परिजन ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है. आरोप है कि तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रही ओमनी वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वैन में सवार छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी आदित्यनाथ मिश्रा ने हाटा कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया है कि 1 नवंबर की रात उनके बड़े भाई मुकुल मिश्रा सहित गांव और आसपास के लोग देवरार पिपरा में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे. समारोह संपन्न होने के बाद सभी ओमनी वैन संख्या यूपी-53-ईक्यू-5569 से घर लौट रहे थे. तहरीर के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे वैन थरुआडीह के पास पहुंची, तभी अहिरौली बाजार की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर संख्या यूपी-53-जीटी-5156 ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में मुकुल मिश्रा, संजय कुमार, राममिलन, रामविलास, मिथिलेश गुप्ता समेत छह लोगों की मौत हो गई.

इसे भी पढ़ें : फिरोजाबाद में दो सगे भाइयों का एनकाउंटर, किशोरी से दुष्कर्म के आरोपियों के पैर में लगी गोली

आयुष और अर्पिन गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया. वहां उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है. एक तरफ घरों में मांगलिक समारोह की खुशियां थीं, वहीं दूसरी तरफ सड़क हादसे ने कई परिवारों को जिंदगी भर का गम दे दिया. मृतक के परिजन ने हाटा कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.