Bihar Crime: बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। ताजा मामला भागलपुर जिले से सामने आया है, जहां बदमाशों ने रंगदारी नहीं देने पर एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी। अपराधियों ने कारोबारी के सर में एक-दो नहीं कुल 7 गोलियां मारी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक कारोबारी की पहचान श्याम साह के रूप में हुई है, जो गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखिया गांव के रहने वाले थे।
घर लौटते समय किया हमला
पूरा मामला गोपालपुर के पोखरिया चौक के पास की है। अपराधियों ने कल बुधवार की रात 9:30 बजे के करीब इस घटना को अंजाम दिया। हादसे के दौरान मृतक कारोबारी मकई बेचकर नवगछिया से घर लौट रहे थे। इस दौरान पहले से ही घात लगाए बैठे अपराधियों ने पोखरिया चौक के पास ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए उन्हें मौत के घाट उतार दिया। गोलीबारी की इस घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। गोपालपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद से मृतक श्याम साह के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। श्याम साह की पत्नी उषा देवी ने बताया कि, उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थी। उन्होंने बताया कि 3 दिन पहले किसी पीयूष यादव नाम के अपराधी ने उन्हें फोन कर 5 लाख की रंगदारी की मांग की थी। इतना ही नहीं रंगदारी के पैसे नहीं देने पर उसने जान से मारने की बात भी कही थी।
मृतक के खिलाफ भी दर्ज है मुकदमा
घटना के संबंध में एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि, श्याम साह के खिलाफ गोपालपुर थाना में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। उन्होंने बताया कि, फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया है, यदि आवेदन मिलता है, तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- अपने ही बिछाए जाल में फंसे खान सर! पटना पुलिस ने खान कोचिंग के दो सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लिया

